भारत और इंग्लैंड के बीच आज से तीन वनडे मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। टी20 सीरीज में मिली हार के बाद भारत अब वनडे में जवाब देने उतरेगा। खास बात ये है कि रोहित शर्मा विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह तीनों मैदान पर वापसी कर रहे हैं।
968 दिन बाद वनडे खेलेंगे बुमराह
इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी परेशानी जसप्रीत बुमराह बन सकते हैं। बुमराह 968 दिन बाद वनडे मुकाबला खेलने उतरेंगे। उन्होंने आखिरी वनडे 2023 विश्व कप के फाइनल में खेला था। अब करीब तीन साल बाद फिर उनके हाथ में वनडे की गेंद होगी और इंग्लैंड के बल्लेबाजों की असली परीक्षा होने वाली है।
इंग्लैंड में खूब चले हैं बुमराह
जसप्रीत बुमराह का इंग्लैंड की धरती पर अच्छा खेल रहा है। उन्होंने यहां नौ वनडे मुकाबलों में 14 विकेट लिए हैं। टेस्ट क्रिकेट में भी बुमराह इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खूब परेशान कर चुके हैं। ऐसे में एजबेस्टन की पिच से अगर तेज गेंदबाजों को मदद मिली तो बुमराह इंग्लैंड के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
रोहित का बल्ला भी इंग्लैंड में गरजा
रोहित शर्मा का इंग्लैंड में वनडे रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने 27 पारियों में 1428 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित ने सात शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं। यानी इंग्लैंड की धरती रोहित को खूब पसंद आती है। अब लंबे समय बाद वापसी कर रहे रोहित से फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
विराट के निशाने पर भी बड़े रिकॉर्ड
विराट कोहली ने इंग्लैंड में 33 वनडे पारियों में 1349 रन बनाए हैं। उनके नाम यहां शतक और 12 अर्धशतक हैं। विराट 15 हजार वनडे रन के भी बेहद करीब हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ उनका बल्ला चला तो भारत को जीत मिलने के साथ विराट के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : छह महीने बाद लौट रहे Virat Kohli के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, 203 रन बनाते ही सचिन को छोड़ देंगे पीछे
रोहित विराट और बुमराह का तीन तरफा हमला
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 110 वनडे मुकाबले खेले गए हैं जिसमें भारत ने 61 और इंग्लैंड ने 44 मैच जीते हैं। आज दोपहर साढ़े तीन बजे मुकाबला शुरू होगा। अब नजर रोहित की बल्लेबाजी विराट के रनों और बुमराह की गेंदों पर रहेगी। भारत के ये तीन बड़े खिलाड़ी चले तो इंग्लैंड के लिए पहला वनडे बचाना आसान नहीं होगा।