
भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत के दम पर एशिया कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। मौजूदा फॉर्म और आक्रामक खेल को देखते हुए टीम खिताब का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग हर विभाग में टीम मजबूत दिख रही है लेकिन दुबई में होने वाले खिताबी मुकाबले में सामने पाकिस्तान होगा, जो हर छोटी गलती को बड़े मौके में बदलने का दम रखता है। ऐसे में भारत को अपनी कमजोरियों पर खास नजर रखनी होगी।
1. फील्डिंग की ढीली पकड़
इस टूर्नामेंट में भारत की सबसे बड़ी चिंता फील्डिंग रही है। टीम अब तक 12 कैच छोड़ चुकी है, जिनमें से 8 सिर्फ पिछले दो मैचों में गिरे। आसान मौके गंवाना फाइनल जैसी जंग में घातक साबित हो सकता है। कप्तान और खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें दुबई की फ्लडलाइट्स की आदत पड़ चुकी है, ऐसे में बहाने की गुंजाइश अब नहीं बची।
2. ओपनर्स पर ज़रूरत से ज़्यादा निर्भरता
वहीं फिलहाल भारत की बल्लेबाजी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल पर टिकी नजर आती है। दोनों ने तेज शुरुआत दिलाकर टीम का दबाव कम किया है लेकिन हाई-प्रेशर फाइनल में केवल इन दोनों पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। मध्यक्रम और अन्य बल्लेबाजों को भी जिम्मेदारी उठानी होगी ताकि शुरुआती विकेट गिरने पर टीम लड़खड़ाए नहीं।
3. कप्तान सूर्या की ख़ामोश बल्लेबाजी
सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस समय रंग में नहीं है। उन्होंने पिछली 9 पारियों में सिर्फ 87 रन बनाए हैं, औसत 12.42 और स्ट्राइक रेट 112.98। एशिया कप में भी उनका प्रदर्शन साधारण रहा है। हालांकि टीम का संतुलन इतना मजबूत है कि कप्तान की खराब फॉर्म के बावजूद भारत जीत की दावेदार है। फिर भी फाइनल जैसे मुकाबले में सूर्या का चलना टीम और करोड़ों भारतीय फैंस की उम्मीदों के लिए जरूरी होगा।
इसे भी पढ़ें : Asia Cup फाइनल में ऐतिहासिक जंग, पहली बार India और Pakistan के बीच होगा सीधा मुकाबला, फैंस का उत्साह चरम पर
4. ओवर-एक्सपेरिमेंट का खतरा
बांग्लादेश के खिलाफ शिवम दुबे को नंबर-3 पर भेजना और संजू सैमसन को मौका न देना सवाल खड़े करता है। बड़े मैच में स्पष्ट रणनीति और तय बल्लेबाजी क्रम ही टीम को स्थिरता देंगे। फाइनल में बार-बार प्रयोग उल्टा असर डाल सकते हैं। खिलाड़ियों को अपनी भूमिका का अंदाजा होना चाहिए और फैसले संयमित होने चाहिए।
5. बेंच स्ट्रेंथ का संतुलित इस्तेमाल
भारत के पास बेंच पर कई मजबूत विकल्प हैं लेकिन खिताबी मुकाबले में भरोसेमंद और आजमाए हुए संयोजन पर टिके रहना ही सबसे सुरक्षित रहेगा। बदलाव अगर करने हों तो संतुलित ढंग से किए जाएं, ताकि हर खिलाड़ी अपनी भूमिका स्पष्ट रूप से समझ सके। यही स्थिरता टीम को दबाव में मजबूती देगी।
फाइनल की राह और सबसे बड़ी चुनौती
भारत ने इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई है लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जंग में ड्रॉप कैच, ओपनिंग पर निर्भरता, कप्तान की फॉर्म और ओवर-एक्सपेरिमेंट जैसी कमजोरियां सबसे बड़ी चुनौती बन सकती हैं। अगर टीम इन पर काबू पा लेती है तो एशिया कप की ट्रॉफी उसके हाथ में होगी, वरना जीत की लय भी हार में बदल सकती है।