टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब श्रीलंका में खेला जाएगा। दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के मैदान पर आमने-सामने होंगी। यह मैच टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मुकाबला माना जा रहा है। सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए इस मैच को भारत या पाकिस्तान की बजाय न्यूट्रल वेन्यू श्रीलंका में रखा गया है।
सुरक्षा को लेकर श्रीलंका पूरी तरह सतर्क
भारत-पाक मैच को लेकर श्रीलंका सरकार ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम करने का फैसला लिया है। इस मुकाबले के दौरान विशेष कमांडो यूनिट्स तैनात रहेंगी, जो आमतौर पर विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की सुरक्षा में लगाई जाती हैं। श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमार गामगे ने कहा कि खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से लेकर वापसी तक हथियारबंद सुरक्षा दी जाएगी ताकि किसी भी तरह का खतरा न रहे।
पूरे टूर्नामेंट पर रहेगा कड़ा पहरा
श्रीलंका में टी20 वर्ल्ड कप के कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें सिर्फ भारत-पाक मैच ही नहीं बल्कि बाकी बड़े मुकाबलों पर भी सुरक्षा एजेंसियों की खास नजर रहेगी। अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचती है तो वो मुकाबले भी श्रीलंका में ही खेले जाएंगे। ऐसे में पूरे टूर्नामेंट के दौरान हाई अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी।
पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में
आईसीसी के शेड्यूल के मुताबिक पाकिस्तान की टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगी। यह फैसला सुरक्षा और राजनीतिक हालात को देखते हुए लिया गया है। भारत-पाक मैच को लेकर पहले से ही माहौल संवेदनशील रहता है, इसलिए किसी भी जोखिम से बचने के लिए एक ही देश में पाकिस्तान के सभी मैच कराने का फैसला किया गया है।
इसे भी पढ़ें : माचिस की तीली से शुरू हुआ विवाद, वसंत कुंज में युवक की गला रेतकर हत्या, झुग्गी इलाके में दहशत
बांग्लादेश की मांग और आईसीसी का फैसला
शेड्यूल जारी होने के बाद बांग्लादेश ने भी अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट कराने की मांग की थी। हालांकि आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया और बाद में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इस पूरे विवाद के दौरान श्रीलंका ने खुद को अलग रखा और किसी भी पक्ष में बयान देने से बचता रहा।
श्रीलंका ने अपनाया न्यूट्रल रुख
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और सरकार दोनों ने साफ किया है कि वे भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच किसी भी विवाद में पक्ष नहीं लेंगे। क्रिकेट सेक्रेटरी बंदुला दिसानायके ने कहा कि कोलंबो इन क्षेत्रीय विवादों से दूर रहना चाहता है। श्रीलंका का फोकस सिर्फ इतना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के पूरा हो।