22 फरवरी की शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया सुपर-8 राउंड का अपना पहला मैच खेलेगी। सामने होगी साउथ अफ्रीका की मजबूत टीम। यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों टीमें पिछले टी20 विश्व कप के फाइनल में भी भिड़ चुकी हैं। इस बार भी मैच का नतीजा आगे की राह तय कर सकता है।
अभिषेक पर टिकी निगाहें
टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अब तक खाता भी नहीं खोल पाए हैं। तीन मैचों में वह शून्य पर आउट हुए हैं। ऐसे में फैंस की नजर इस मैच पर रहेगी कि क्या वह आखिरकार बड़ी पारी खेल पाएंगे। लेकिन चुनौती आसान नहीं है, क्योंकि अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए बहुत मददगार नहीं मानी जाती।
बल्लेबाजों के लिए मुश्किल मैदान
ग्रुप स्टेज में भारतीय गेंदबाजी मजबूत रही, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह नहीं चमकी। अलग-अलग मैचों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने योगदान दिया, लेकिन पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप एक साथ नहीं चली। अहमदाबाद में कई बल्लेबाजों का रिकॉर्ड भी खास नहीं है।
आंकड़े बढ़ा रहे चिंता
अभिषेक ने यहां 2 मैचों में सिर्फ 34 रन बनाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव 5 पारियों में 152 रन ही बना सके हैं। ईशान किशन ने 4 पारियों में 79 रन जोड़े हैं। ऐसे में अगर टॉप ऑर्डर फिर से नाकाम रहता है तो टीम को मुश्किल हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : Super-8 में बारिश बनी सबसे बड़ी चिंता, मैच रद्द हुआ तो कैसे तय होगी सेमीफाइनल की राह और किसे मिलेगा एक-एक अंक ?
पांड्या बन सकते हैं सहारा
इस मैदान पर सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हार्दिक पांड्या रहे हैं। उन्होंने 7 पारियों में 209 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी अच्छा रहा है। तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने भी यहां रन बनाए हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म में पांड्या से ज्यादा उम्मीद की जा रही है।
अफ्रीका भी तैयार
साउथ अफ्रीका हाल में इस मैदान पर मैच खेल चुकी है और परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित है। भारत ने पिछले दो महीनों में यहां कम मैच खेले हैं। ऐसे में टीम इंडिया को जीत के लिए बल्लेबाजी में सामूहिक प्रदर्शन करना होगा। सुपर-8 की शुरुआत जीत से करने के लिए हर खिलाड़ी को जिम्मेदारी निभानी होगी।