साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पूरी तरह से तैयार है. आपको बता दें कि भारत में पहली और आखिरी टेस्ट सीरीज साउथ अफ्रीका ने साल 1999 में जीती थी. उसके बाद से टीम 5 बार भारत जरूर आई लेकिन कभी सीरीज नहीं जीत सकी. हालांकि एक रिकॉर्ड ऐसा भी है जो कि टेम्बा बावुमा के पक्ष में है क्योंकि वह बतौर कप्तान कभी कोई टेस्ट नहीं हारे हैं. जिसका साफ मतलब है कि दोनों टीमों के बीच टक्कर मजबूत होने वाली है. वहीं 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाना है.
बावुमा एंड टीम को हरा पाएगी भारतीय टीम
साउथ अफ्रीका के टेम्बा बावुमा ने बतौर कप्तान 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 9 में साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल की है और केवल 1 मैच ड्रा पर खत्म हुआ है. अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या शुभमन गिल वो पहले कप्तान बन पाएंगे, जो कि बावुमा एंड टीम को हरा पाते हैं. बात करें शुभमन गिल की तो उन्होंने बतौर कप्तान अपनी पहली घरेलू टेस्ट सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी, जिसे टीम इंडिया ने 2-0 से जीत दर्ज की थी.
पहला टेस्ट कब और कितने बजे शुरू होगा?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच शुक्रवार, 14 नवंबर से 18 नवंबर के बीच खेला जाना है. पहले दिन टॉस 9 बजे होगा, इस सीरीज का हर मैच हर रोज सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा. भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा
किस चैनल पर होगा लाइव प्रसारण?
भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर होगा.
किस ऐप पर देखें पहला टेस्ट?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट का स्क्वाड
साउथ अफ्रीका: डेवाल्ड ब्रेविस, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जोरजी, ट्रिस्टन स्टब्स, ज़ुबूर हमजा, एडन मार्क्रम, कॉर्बिन बॉश, मार्को जानसेन, सेनुरन मुथुसामी, विलेम मुल्दर, कैइल वेरेन्ने (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन (विकेट कीपर), कगिसो रबाडा, केशव महाराज, साइमन हार्मर.
टीम इंडिया: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज.