भारतीय क्रिकेट में रविवार, 23 नवंबर 2025 का दिन एक और ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विमेंस ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2025 का पहला संस्करण अपने नाम कर लिया। कोलंबो के पी. सरवनमुट्टू स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। नेपाल ने भारत के सामने 115 रनों का टारगेट रखा था, जिसे भारतीय टीम ने मात्र 12.1 ओवर में हासिल कर लिया और पूरे टूर्नामेंट में अपने अपराजित अभियान को विजयी मुकाम तक पहुंचाया।
पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही टीम इंडिया
इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार किया गया था, और पहले ही संस्करण में भारतीय टीम ने बिना एक भी मैच हारे इतिहास लिख दिया। लीग मैचों से लेकर नॉकआउट तक भारत का दबदबा पूरी तरह नजर आया। यह जीत इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि सिर्फ तीन हफ्ते पहले ही भारतीय महिला टीम ने पारंपरिक क्रिकेट में साउथ अफ्रीका को हराकर विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीता था। दोनों फॉर्मेट में लगातार मिली ये ऐतिहासिक जीतें यह साफ करती हैं कि भारत में महिला क्रिकेट, चाहे ब्लाइंड हो या इंटरनेशनल, अब अपनी नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
ये भी पढ़ें : Lakshya Sen ने 2025 में जीता पहला बड़ा खिताब, Australian Open Super 500 में जापानी खिलाड़ी को ध्वस्त कर रचा इतिहास
दीपिका की कप्तानी और खुला शरिर की धुआंधार पारी
फाइनल में भारतीय कप्तान टीसी दीपिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. यह फैसला शुरू से ही सही साबित हुआ, क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल पर लगातार दबाव बनाए रखा. नेपाल ने अपने 20 ओवरों में 5 विकेट पर सिर्फ 114 रन ही बना सकी। रनचेज के दौरान भारत की स्टार बल्लेबाज खुला शरिर ने मैच की असली हीरो बनकर उभरते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 44 रन जड़ दिए। उनके साथ अन्य बल्लेबाजों ने भी जिम्मेदाराना प्रदर्शन किया और टीम को बेहद आसान जीत दिलाई।
सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ढेर
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह जीत बताती है कि टीम इंडिया हर मुकाबले में एक अलग स्तर का खेल खेल रही थी. दूसरी ओर नेपाल ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया. दिलचस्प रूप से लीग स्टेज के दौरान भी भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था, जो टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाली जीत रही थी।
तीन शहरों में खेला गया टूर्नामेंट, छह देशों ने लिया हिस्सा
विमेंस ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2025 में कुल 6 देशों भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त राज्य अमेरिका ने हिस्सा लिया. टूर्नामेंट की शुरुआत 11 नवंबर को नई दिल्ली में हुई. इसके बाद कुछ मुकाबले बेंगलुरु में खेले गए। फाइनल सहित नॉकआउट मुकाबले श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित हुए. पूरे टूर में भारतीय टीम का प्रदर्शन इतना दमदार रहा कि हर मैच में वह सबसे मजबूत दावेदार दिखी और अंत में खिताब जीतकर अपना दबदबा साबित भी कर दिया।