India Women Hockey : जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। चीन के मोकी में खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान को 7-0 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह भी पक्की कर ली है। इससे पहले भारत ने मलेशिया को 11-1 और साउथ कोरिया को 4-1 से हराया था।
पहले क्वार्टर में दबदबा
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पांचवें मिनट में कृष्णा शर्मा ने गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद नौवें मिनट में सुप्रिया ने बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में पूर्णिमा यादव ने गोल दागकर भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में गोल नहीं
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारतीय टीम ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। जापान की टीम भी वापसी की कोशिश करती रही, हालांकि भारतीय रक्षा पंक्ति ने उसे कोई मौका नहीं दिया।
गीता यादव का कमाल
तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर अपनी रफ्तार बढ़ाई। 41वें मिनट में गीता यादव ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। इसके बाद 45वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत की बढ़त 5-0 तक पहुंचा दी। इस दौरान जापानी टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई।
आखिरी क्वार्टर में दो और गोल
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में पूर्णिमा यादव ने अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद सनिका चंद्रकांत माने ने 50वें मिनट में गोल दागकर भारत को 7-0 की बढ़त दिला दी। अंतिम मिनटों में जापान ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम के खिलाफ गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
इसे भी पढ़ें : शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में Naman Dhir का भौकाल, 37 गेंदों में शतक, 18 चौके-छक्कों से उड़ाए होश
अब चीन से होगी टक्कर
टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। भारत एलीट पूल में शामिल है, जहां उसके साथ चीन, जापान, साउथ कोरिया और मलेशिया की टीमें हैं। जापान पर बड़ी जीत के बाद अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 9 सितंबर को मेजबान चीन से होगा। टीम का लक्ष्य जीत की लय बरकरार रखते हुए खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाना होगा।