आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज कर ली। पहले गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 136 रन पर रोक दिया, फिर भारत ने 16.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम के 6 अंक हो गए और सेमीफाइनल की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। हालांकि सिर्फ यह जीत भारत के लिए काफी नहीं है।
अब भी आसान नहीं है राह
भारतीय टीम ग्रुप-1 में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ है। ऑस्ट्रेलिया अपने चारों मुकाबले जीतकर लगभग सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। भारत का आखिरी ग्रुप मैच उसी ऑस्ट्रेलिया से है। अगर भारत यह मुकाबला हार जाता है तो सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होना लगभग तय माना जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया को हराना जरूरी
भारत के लिए सबसे पहला लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया को हराना है। अगर टीम इंडिया यह मुकाबला जीत लेती है तो उसके 8 अंक हो जाएंगे। लेकिन इसके बाद भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं होगी, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के पास भी अपने बाकी दोनों मैच जीतकर 8 अंक तक पहुंचने का मौका है। ऐसे में मुकाबला नेट रन रेट तक जा सकता है।
अब बांग्लादेश से भी उम्मीद
यही वजह है कि जिस बांग्लादेश को भारत ने हराया, अब उसी टीम से भारतीय फैंस को बड़ी उम्मीद है। अगर बांग्लादेश अपने आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है तो भारत की राह काफी आसान हो जाएगी। तब भारत को नेट रन रेट के झंझट में फंसने की संभावना भी कम हो सकती है।
नेट रन रेट बना बड़ा हथियार
फिलहाल नेट रन रेट के मामले में भारत मजबूत स्थिति में है। ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट सबसे बेहतर है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका अभी काफी पीछे है। अगर तीनों टीमों के 8-8 अंक होते हैं तो सेमीफाइनल का फैसला नेट रन रेट से होगा और मौजूदा स्थिति में भारत को इसका फायदा मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें : डेब्यू से पहले ही इतिहास की दस्तक, Vaibhav Suryavanshi के निशाने पर 5 बड़े रिकॉर्ड, टूट सकते हैं कई दिग्गजों के कीर्तिमान
एक जीत से बदल सकती है तस्वीर
भारतीय टीम के सामने अब सीधा लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया को हराना है। इसके साथ-साथ निगाहें बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले पर भी रहेंगी। अगर नतीजे भारत के पक्ष में जाते हैं तो टीम सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। यानी अब सिर्फ अपना प्रदर्शन ही नहीं, दूसरे मैच का परिणाम भी भारत के अभियान के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है।