
भारत और पाकिस्तान ऐसी दो टीमें हैं जो जब भी आमने-सामने होती हैं. दर्शकों का उत्साह चरम सीमा पर होता है, फिर भले ही खेल कोई भी क्यों ना हो. एक बार फिर दर्शकों के उत्साह को दोगुना करने और धड़कनों को बढ़ाने का मौका सामने है. जी हां दरअसल इस बार मंच है महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने-सामने खड़ी होंगी. बता दें कि ये मैच 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हार का स्वाद चखाने के बाद टीम इंडिया अब वर्ल्ड कप में भी उसी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश में उतरेगी.
भारत का पाकिस्तान पर दबदबा
वहीं भारतीय महिला टीम की बात करें तो पाकिस्तान के खिलाफ इसका रिकॉर्ड हमेशा से ही एकतरफा रहा है. मतलब की हर मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान टीम पर अपना दबदबा बनाए रखा है. दोनों टीमों के बीच अब तक वनडे फॉर्मेट में 11 मुकाबले खेले गए हैं और हर बार जीत भारत की ही हुई है. इसके साथ ही वर्ल्ड कप में दोनो टीमों का चार बार आमना-सामना हुआ है और सभी चारों मैचों में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा. यानी इन आंकड़ों से साफ हो जाता है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान की राह आसान नहीं होने वाली है और इस बार भी पाकिस्तान टीम को हार का सामना करना पड़े इस बात में कोई शक की गुंजाइश नहीं है.
टीम इंडिया का शानदार फॉर्म
भारतीय महिला टीम हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है. इस टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को आसानी से हरा दिया था. बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने दमदार प्रदर्शन देखने को मिला जबकि गेंदबाजी में रेनुका ठाकुर और दीप्ति शर्मा ने विपक्षी टीम को जकड़ कर रखा था. भारतीय गेंदबाजों की यही सटीक लाइन-लेंथ अब पाकिस्तान के खिलाफ भी अहम भूमिका निभाने के काम आ सकती है.
कब, कहां और कैसे देखें मैच
ये मैच रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल स्टेडियम, कोलंबो में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा. वहीं इस मैच का लाइव टीवी प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. दर्शक हिंदी में स्टार स्पोर्ट्स हिंदी/एचडी और अंग्रेजी में स्टार स्पोर्ट्स 1/एचडी पर मैच देख सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : पहले हनुमान जी की तरह उड़े, फिर लपका नामुमकिन कैच, Reddy का कारनामा देख दंग रह गई West Indies टीम, आप भी देखें Video
यहां होगी ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग
इसके अलावा जो दर्शक मोबाइल या लैपटॉप पर देखना चाहते हैं, वे JioCinema या Disney+ Hotstar ऐप और वेबसाइट पर इस रोमांचक मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग का लुत्फ उठा सकते हैं.
क्या भारत फिर दोहराएगा इतिहास?
बता दें कि पाकिस्तान की महिला टीम बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में हार का सामना कर चुकी है. जिसकी वजह से पाकिस्तानी टीम का आत्मविश्वास कमजोर पड़ गया है. जबकि भारतीय टीम पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने को तैयार बैठी है. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या हरमनप्रीत एंड कंपनी एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटाने में कामयाब होती है और अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रख पाती है या नहीं. अगर ऐसा हो जाता है तो पाकिस्तानी टीम के लिए एशिया कप 2025 की हार के बाद ये दूसरी बड़ी हार होगी.