
महिला वनडे विश्वकप 2025 में टीम इंडिया ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में इतिहास रच दिया है. जहां इस जीत के बाद से ही भारतीय टीम के खिलाड़ियों की सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक में जोरों शोरों से चर्चा हो रही है. तो वहीं भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों के हौसले और शानदार प्रदर्शन की देश के पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर क्रिकेट जगत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी तक वाह-वाही कर रहे है. इतना ही नहीं बीसीसीआई की तरफ से भी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए तारीफ के साथ ही हौसला अफजाई के लिए इनामों की झड़ी लगा दी गई है. तो दूसरी तरफ पाकिस्तान की महिला खिलाड़ियों की हालत यहां पर भी खराब है.
पाकिस्तान टीम को मिले केवल 4.7 करोड़ रुपये
दरअसल जहां एक तरफ भारत की टीम को जीत मिलने पर इनामों की बारिश हो रही है, तो वहीं पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के हिस्से आए केवल 4.7 करोड़ रुपये. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. उसने अपने सभी मुकाबले गंवा दिए और पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर रही. जिसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अतिरिक्त इनामी राशि की घोषणा नहीं की है. पाकिस्तान की टीम को केवल वही रकम मिली है, जो आईसीसी ने 8वें नंबर की टीम के लिए तय की थी, यानी कि 14.95 करोड़ पाकिस्तानी रुपये, जो कि भारतीय मुद्रा में करीब 4.70 करोड़ रुपये होते हैं.
भारत को मिली 91 करोड़ की इनामी राशि
बात करें टीम इंडिया की तो महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर कुल 91 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली है. इसमें से 40 करोड़ रुपये आईसीसी की ओर से चैंपियन टीम को दिए गए, जबकि बाकी के 51 करोड़ रुपये का ऐलान बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बोनस के तौर पर कर दिया है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया का कहना है कि यह इनाम भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है.
इन सबके अलावा हर खिलाड़ी को व्यक्तिगत तौर पर भी इनाम देने का फैसला किया गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार प्लेइंग इलेवन की हर खिलाड़ी को लगभग 2 करोड़ रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये तक की बोनस राशि दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें : मकान मालिक कैसे करें अपनी संपत्ति की सुरक्षा, क्या है कानून, जान लीजिए ?
भारत-पाकिस्तान के बीच इनामों में बड़ा अंतर
इनामों को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच का अंतर साफ झलकता है. जहां भारत को 91 करोड़ रुपये की राशि मिली, वहीं पाकिस्तान को मुश्किल से 5 करोड़ रुपये के करीब का इनाम मिला है. इस अंतर से साफ हो जाता है कि मैदान पर दोनों टीमों का प्रदर्शन किस प्रकार का रहा है.