जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। केरन सेक्टर में शनिवार सुबह आतंकियों ने LoC पार करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने जवाबी कार्रवाई में दो आतंकियों को मार गिराया। सेना ने इस अभियान को 'ऑपरेशन पिंपल' नाम दिया है। इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है और सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी है।
केरन सेक्टर में हुई मुठभेड़
भारतीय सेना को शुक्रवार देर रात नियंत्रण रेखा के पार से घुसपैठ की सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों आतंकी मारे गए, जबकि उनके संगठन की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
ऑपरेशन ‘पिंपल’ जारी
सेना ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन पिंपल’ नाम दिया है। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। सेना के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है ताकि किसी और आतंकी के छिपे होने की संभावना को खत्म किया जा सके। सुरक्षाबलों ने पास के इलाकों को सील कर दिया है।
घाटी की जेलों में एक साथ छापेमारी
घुसपैठ की इस कोशिश के बीच कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने घाटी की कई जेलों में एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई जेलों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रही हैं घुसपैठ की कोशिशें
कुपवाड़ा में यह पहली घटना नहीं है। 13 अक्टूबर को भी सुरक्षाबलों ने इसी सेक्टर में दो आतंकियों को मार गिराया था। पहलगाम हमले के बाद से सेना ने LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर दोनों पर चौकसी बढ़ा दी है। हाल के महीनों में कई घुसपैठ के प्रयास नाकाम किए जा चुके हैं, जिससे यह साफ है कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी गतिविधियां अभी भी जारी हैं।