Indian Cricket Farewell Matches : भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी हुए जिन्होंने सालों तक टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया, बड़े टूर्नामेंट जिताए और करोड़ों फैंस के दिलों में जगह बनाई। लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का समय आया, तो उन्हें मैदान पर आखिरी बार खेलने का मौका नहीं मिला। उनकी विदाई बिना किसी आधिकारिक फेयरवेल मैच के हो गई।
वीवीएस लक्ष्मण की शांत विदाई
वीवीएस लक्ष्मण भारतीय टेस्ट क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 134 टेस्ट और 86 वनडे मैच खेले। 2012 में न्यूजीलैंड सीरीज से ठीक पहले उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया। इसके बाद उन्हें विदाई मैच खेलने का मौका नहीं मिला और उनका शानदार करियर अचानक खत्म हो गया।
हरभजन और जहीर भी सूची में शामिल
हरभजन सिंह ने भारत के लिए 417 टेस्ट विकेट और 269 वनडे विकेट लिए। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2016 में खेला गया, जबकि संन्यास 2021 में आया। दूसरी ओर जहीर खान, जो 2011 विश्व कप जीत के अहम नायक थे, 2014 के बाद भारत के लिए नहीं खेले और 2015 में संन्यास ले लिया। दोनों दिग्गजों को भी फेयरवेल मैच नसीब नहीं हुआ।
इरफान की आखिरी मैच में चमकदार कहानी
इरफान पठान का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच यादगार रहा। श्रीलंका के खिलाफ वनडे में उन्होंने नाबाद 29 रन बनाए और 5 विकेट भी लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन इसके बाद वह कभी भारत के लिए नहीं खेले। शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनका अंतरराष्ट्रीय सफर अचानक थम गया।
धवन और युवराज की अधूरी विदाई
शिखर धवन लंबे समय तक भारत की वनडे टीम के प्रमुख सलामी बल्लेबाज रहे। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2022 में आया और बाद में उन्होंने संन्यास ले लिया। वहीं युवराज सिंह, जिन्होंने 2011 विश्व कप में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, 2019 में रिटायर हुए। दोनों खिलाड़ियों को भी मैदान पर आखिरी विदाई का मौका नहीं मिला।
धोनी की विदाई आज भी चर्चा में
महेंद्र सिंह धोनी का नाम इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। भारत को टी20 विश्व कप 2007, वनडे विश्व कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 जिताने वाले कप्तान ने 15 अगस्त 2020 को संन्यास का ऐलान किया। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2019 विश्व कप का सेमीफाइनल रहा। करोड़ों फैंस को उम्मीद थी कि धोनी को एक विशेष विदाई मैच मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इसे भी पढ़ें : 6 मैच, 2 शतक... फिर भी बाहर बैठ सकता है ये बल्लेबाज, टीम इंडिया में बढ़ी टक्कर
फैंस के दिलों में हमेशा रहेंगे ये नाम
फेयरवेल मैच मिला या नहीं, इससे इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां कम नहीं होतीं। लक्ष्मण, हरभजन, जहीर, इरफान, धवन, युवराज और धोनी ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। यही वजह है कि उनकी यादें आज भी फैंस के दिलों में उतनी ही ताजा हैं, जितनी उनके खेल के दिनों में थीं।