
नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए पहले टेस्ट में जो कुछ भी हुआ, उस सबने दुनिया को भारत की क्रिकेट सोच का नया आयाम पेश किया. भारतीय क्रिकेट पिचों को लेकर लंबे समय से ये धारणा बनी रही है कि वे स्पिन गेंदबाज़ों की मददगार होती हैं. कप्तान सौरव गांगुली से लेकर महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली तक सभी का झुकाव टर्निंग ट्रैक की ओर रहा है. जहां टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने और फिर स्पिनरों के दम पर मैच जीतने की रणनीति काम किया करती थी लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने एक अलग ही राह चुन ली. उन्होंने न केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पोर्टिंग पिच को लेकर अपनी मांग उठाई बल्कि वेस्टइंडीज़ के खिलाफ तीन तेज़ गेंदबाज़ खिलाकर इस सोच को मैदान पर उतार कर रख दिया. अहमदाबाद की पिच पर सीम मूवमेंट, उछाल और टर्न तीनों मौजूद थे, जिससे खेल रोमांचक और संतुलित हो सका.
भारतीय क्रिकेट केवल स्पिनरों को भरोसे नहीं
इस बदलाव का असर उस समय साफतौर पर देखने को मिला जब मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने कैरेबियाई बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करके रख दिया. जिसकी वजह से गिल की यह सोच बताती है कि अब भारतीय क्रिकेट सिर्फ स्पिनरों पर निर्भर नहीं रह गए है. पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम ने तेज़ गेंदबाज़ों को महत्व देना शुरू कर दिया है और उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती गई है. घरेलू पिचों पर तेज़ गेंदबाज़ों के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में गिल का ये कदम अहम माना जा रहा है. ऐसी पिचें युवा गेंदबाज़ों के विकास में मदद करेंगी और साथ ही साथ इससे टीम इंडिया को भविष्य में और भी दमदार विकल्प मिल पाएंगे. तेज़ गेंदबाज़ों की मौजूदगी से गेंदबाजी आक्रमण में विविधता आ जाती है, जिससे बल्लेबाज़ों के लिए खेल और चुनौतीपूर्ण हो जाता है.
बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ दोनों को मिलेगा बराबरी का मौका
स्पोर्टिंग पिच का सबसे बड़ा फायदा ये है कि इसमें बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ दोनों को बराबरी का मौका मिल जाता है. जहां बल्लेबाज़ों को स्विंग, स्पिन और उछाल तीनों से जूझना पड़ता है, जिससे उनकी तकनीक और कौशल में निखार आता है. तो वहीं गेंदबाज़ भी अपनी पूरी कला का प्रदर्शन दिखा सकते हैं. इस तरह का संतुलन खेल को और अधिक रोमांचक बना देता है और दर्शकों के लिए मुकाबला दिलचस्प हो जाता है. शुभमन गिल का यह दृष्टिकोण भारतीय क्रिकेट के बढ़ते दायरे और आधुनिक सोच का प्रतीक है. ये बदलाव न केवल टीम इंडिया की ताकत को बहुआयामी बनाने का काम करेगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय क्रिकेट की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाईयां देगा.