India Pakistan Tension: पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार लगातार कड़े फैसले ले रही है. सिंधू जल समझौता से लेकर तमाम बड़े डिसिजन सरकार की ओर से लिए जा चुके हैं. अब भारत अपने यहां की जनता को सुरक्षित करने के लिए मॅाकड्रिल करने जा रही है. गृह मंत्रालय की ओर से लिए गए फैसले में देश के कुल 244 जिलों में मॅाकड्रिल की जाएगी. जिसमें स्टूडेंट्स से लेकर देश की आम जनता को शामिल किया जाएगा.
नए खतरों के बारे में सतर्क रहने के निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच उभर रहे ‘नये और जटिल खतरों' के मद्देनजर सभी राज्यों से सात मई को ‘मॉक ड्रिल' आयोजित करने को कहा है. मॉक ड्रिल को लेकर गृह मंत्रालय की आज बड़ी बैठक हुई है, जो कि गृहसचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में हुई है.
बैठक में किन बातों पर हुई चर्चा-
नागरिक सुरक्षा अवसंरचना का आकलन: बैठक के दौरान 244 नागरिक सुरक्षा इकाइयों की परिचालन स्थिति का मूल्यांकन किया गया है. प्रशिक्षण और जन जागरूकता: आपातकालीन प्रोटोकॉल में नागरिकों को प्रशिक्षित करने की रणनीतियों और हवाई हमले के सायरन का जवाब देने और ब्लैकआउट स्थितियों को संभालने के तरीके पर जोर दिया गया है.
एक्शन में भारत सरकार
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत द्वारा अपने विकल्पों पर विचार करने के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कई उच्चस्तरीय बैठकें कर रहे हैं. इस हमले में 26 नागरिक मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे. पीएम मोदी ने हमले को अंजाम देने वालों और इसकी साजिश रचने वालों का ‘‘दुनिया के आखिरी छोर तक पीछा करने'' और उन्हें ‘‘उनकी कल्पना से भी'' ज्यादा कठोर सजा देने का संकल्प जताया है.