
भारत सरकार ने OTT प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील कंटेंट को लेकर सख्त कदम उठाया है. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने उल्लू, ALTT, Desiflix, BigShots जैसे कई ओटीटी ऐप्स को भारत में बैन कर दिया है. इन पर आरोप है कि ये 18+ वेब सीरीज के नाम पर खुले तौर पर अश्लीलता फैला रहे थे.
क्यों लिया गया ये फैसला?
सरकार को इन ऐप्स के खिलाफ लोगों और संगठनों से कई शिकायतें मिली थीं. इन शिकायतों में आरोप था कि ये प्लेटफॉर्म यौन और अश्लील सामग्री को बिना किसी सेंसर के दिखा रहे हैं, जो समाज और खासकर युवाओं और बच्चों पर बुरा असर डाल सकते हैं. जांच के दौरान पाया गया कि ये ऐप्स आईटी एक्ट 2021 और IPC की धारा 292/293 का उल्लंघन कर रहे थे.
अश्लीलता पर भारतीय कानून क्या कहता है?
भारतीय कानून के मुताबिक, ऐसा कोई भी कंटेंट जो सार्वजनिक नैतिकता को ठेस पहुंचाए और नाबालिगों की पहुंच में हो, उसे अश्लील माना जाता है. आईटी एक्ट की धारा 67 और 67A के तहत इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री को फैलाना प्रतिबंधित है.
IPC की धारा 292/293 के तहत अश्लील वस्तुओं के वितरण पर दंड का प्रावधान है. वहीं POCSO एक्ट के तहत बच्चों से संबंधित यौन शोषण सामग्री पर कड़ी सजा दी जाती है.
क्यों हुआ बैन?
OTT प्लेटफॉर्म्स को पहले Self-Regulation का अधिकार दिया गया था, लेकिन कई ऐप्स ने इसका दुरुपयोग किया और अश्लीलता फैलाना शुरू कर दिया. इसके चलते सरकार को सीधे हस्तक्षेप करना पड़ा.
किन ऐप्स पर बैन लगाया गया?
सरकार ने 25 ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है. इनमें शामिल हैं:
Ullu
ALTT
BigShots
Desiflix
PrimePlay
HotHit
Boomex
Navrasa Lite
Gulab App
Kangan App
Jalwa App
Wow Entertainment
Look Entertainment
Feneo
ShowX
Soul Talkies
Adda TV
HotX VIP
Hulchul App
MoodX
NeonX VIP
Shohit
Fuggy
Mozflix
Triflix
ऑनलाइन जुए पर भी कार्रवाई
सरकार ने संसद में बताया कि 2022 से जून 2025 के बीच 1,524 अवैध ऑनलाइन जुए और सट्टेबाजी की वेबसाइटों और ऐप्स को भी ब्लॉक किया गया है. राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में बताया कि ये ऐप्स भारतीय कानूनों और टैक्स नियमों का पालन नहीं कर रहे थे.
सरकार का यह कदम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नैतिकता और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है. अगर आप भी कोई संदिग्ध ऐप या लिंक देखते हैं तो उसे इस्तेमाल न करें और आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स पर ही भरोसा करें.