
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में सोमवार, 13 अक्टूबर 2025 को 60वें इंडियन हैंडीक्राफ्ट एंड गिफ्ट फेयर (आईएचजीएफ) दिल्ली मेला ऑटम-2025 का शुभारंभ होगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' सुबह 11 बजे करेंगे। यह पांच दिवसीय मेला देश के हस्तशिल्प उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करने वाला सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है।
इस बार मेले में देशभर के 3000 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे, जिनमें होम डेकोर, फैशन एक्सेसरीज, फर्निशिंग, फर्नीचर, टेक्सटाइल, गिफ्ट आइटम्स, क्रिसमस और त्योहारों की सजावट, किचन व डिनरवेयर, बाथरूम एक्सेसरीज जैसी श्रेणियाँ शामिल हैं। एक्सपो सेंटर के 16 हॉलों में यह प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें 900 स्थायी शोरूम और 2200 से अधिक अस्थायी स्टॉल होंगे।
हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित इस मेले में करीब 110 देशों के खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों का मानना है कि दिवाली से पहले यह मेला व्यापार के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा और देश के हस्तशिल्प उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद करेगा।
ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने बताया कि इस बार मेले की थीम 'लाइफस्टाइल और रहने की जगहों के लिए नवाचार' पर आधारित है। देश भर के हथकरघा बुनकर और कारीगर इस मंच पर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
इसके अलावा, 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे एक विशेष मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ईपीसीएच को "ग्रेटर ईपीसीएच" के रूप में विस्तार देने पर विचार किया जाएगा। यह सत्र नीति निर्माताओं, निर्यातकों और उद्योग विशेषज्ञों के बीच संवाद का माध्यम बनेगा।