भारतीय नौसेना में अधिकारी के रूप में सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय नौसेना ने शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारी जनवरी 2027 कोर्स के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत युवाओं को देश की समुद्री सुरक्षा का अहम हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।
आवेदन की तारीख और तरीका
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जनवरी 2026 से शुरू होगी और 24 फरवरी 2026 तक चलेगी। नौसेना ने साफ किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी अन्य तरीके से भेजे गए आवेदन को मान्य नहीं माना जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करना जरूरी है।
कुल 260 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत अलग-अलग शाखाओं में कुल 260 पद भरे जाएंगे। एग्जीक्यूटिव ब्रांच में 76 पद रखे गए हैं, जिसमें 6 हाइड्रो कैडर के पद शामिल हैं। पायलट के 25, नेवल एयर ऑपरेशंस अधिकारी के 20 और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के 18 पद तय किए गए हैं। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स में 10 और एजुकेशन ब्रांच में 15 पद शामिल हैं।
तकनीकी शाखाओं में मौके
इंजीनियरिंग ब्रांच जनरल सर्विस में 42 पद भरे जाएंगे। सबमरीन टेक इंजीनियरिंग में 8 पद तय किए गए हैं। वहीं इलेक्ट्रिकल ब्रांच जनरल सर्विस और सबमरीन टेक इलेक्ट्रिकल में कुल 38 पद रखे गए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : राजकोट में टॉस के साथ बदली तस्वीर, Sundar बाहर Nitish की एंट्री, न्यूजीलैंड ने डेब्यू से मचाया सरप्राइज
योग्यता और आयु सीमा
एग्जीक्यूटिव, पायलट, नेवल एयर ऑपरेशंस अधिकारी, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और लॉजिस्टिक्स पदों के लिए संबंधित विषय में बीई या बीटेक या मास्टर डिग्री होना जरूरी है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, फिजिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, एमसीए और एमएससी जैसे विषय शामिल हैं। आयु सीमा पद के अनुसार तय की गई है, जिसमें जन्म तिथि 2 जनवरी 2002 या 2003 से लेकर 1 जुलाई 2006, 1 जुलाई 2007 या 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया और आवेदन तरीका
उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग से होगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के बाद मेरिट सूची बनेगी और अंतिम चयन उसी के आधार पर होगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर जाकर पहले पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर सभी जरूरी जानकारी भरनी होगी। आवेदन के लिए आधार नंबर होना अनिवार्य है।