अगर आपकी ट्रेन सुबह-सुबह की है, तो अब आपको टिकट की स्थिति जानने के लिए आखिरी वक्त तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. भारतीय रेलवे ने रिजर्वेशन चार्ट बनाने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिससे यात्रियों को पहले ही जानकारी मिल सकेगी कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं. रेलवे का यह नया नियम यात्रियों के लिए राहत भरा है. अब ट्रेन के चार्ट समय से पहले बनने से टिकट की स्थिति जल्दी पता चलेगी और सफर की तैयारी भी बेहतर तरीके से की जा सकेगी.
अब चार्ट 8 घंटे पहले बनेगा
पहले रेलवे ट्रेन के चलने से 4 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनाता था, लेकिन अब यह समय 8 घंटे कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि अगर आपकी ट्रेन सुबह 5 बजे है, तो उसका चार्ट अब रात 9 बजे ही बन जाएगा. यह नया नियम 10 जुलाई 2025 से देशभर में लागू हो चुका है.
सुबह की ट्रेनों के लिए सबसे बड़ा फायदा
रेलवे का यह नया नियम उन लोगों के लिए खासतौर पर फायदेमंद है जो सुबह-सुबह यात्रा करते हैं या फिर वेटिंग टिकट लेकर सफर की तैयारी कर रहे होते हैं. पहले उन्हें चार्ट तैयार होने तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें रात में ही पता चल जाएगा कि टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं.
दोपहर 2 बजे तक की ट्रेनों का चार्ट कब बनेगा?
दोपहर 2 बजे तक चलने वाली सभी ट्रेनों का चार्ट पहले ही रात 9 बजे तैयार कर लिया जाएगा. इसके बाद जो ट्रेनें दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे के बीच चलेंगी, उनका चार्ट उनके प्रस्थान से 8 घंटे पहले बनेगा.
दूसरा चार्ट अब भी 30 मिनट पहले ही बनेगा
रेलवे का नियम यह भी कहता है कि दूसरा चार्ट ट्रेन के चलने से ठीक 30 मिनट पहले बनेगा. इसमें उन यात्रियों के नाम जुड़ेंगे जिनकी टिकट आखिरी समय में कन्फर्म हुई हो या किसी और की बुकिंग कैंसिल होने के बाद उन्हें सीट मिली हो.
PRS सिस्टम होगा और भी तेज
रेलवे ने बताया है कि अब PRS सिस्टम यानी पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है. आने वाले समय में यह सिस्टम हर मिनट करीब 1.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभाल सकेगा. यह मौजूदा क्षमता से लगभग 5 गुना ज्यादा है.
क्या मिलेगा यात्रियों को फायदा?
इस बदलाव से यात्रियों को यात्रा की बेहतर प्लानिंग में मदद मिलेगी. अब उन्हें सीट, कन्फर्मेशन स्टेटस और ट्रेन में अपनी स्थिति की जानकारी पहले ही मिल जाएगी. खासतौर पर दूर-दराज से आने वाले लोगों को स्टेशन पहुंचने से पहले ही स्थिति का पता चल जाएगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बन सकेगी.