9 Trains Schedule Change : त्योहारों के मौसम में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर रेलवे ने कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव किया है। रेलवे के अनुसार, अलग-अलग ट्रेनों के लिए नया शेड्यूल 17, 18 और 19 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। ऐसे में जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा और पंजाब रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन का समय जरूर जांच लेना चाहिए।
मालवा और झेलम एक्सप्रेस के समय में बदलाव
अंबेडकर नगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली मालवा एक्सप्रेस (12919) 18 अक्टूबर से जम्मू तवी स्टेशन पर पहले से 15 मिनट पहले पहुंचेगी। वहीं पुणे से जम्मू तवी जाने वाली झेलम एक्सप्रेस (11077) अब सुबह 9:45 बजे की जगह 10:00 बजे पहुंचेगी। कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस (13151) के आगमन समय में भी 15 मिनट का बदलाव किया गया है।
फिरोजपुर और जम्मू रूट की ट्रेनों पर असर
धनबाद से फिरोजपुर कैंट जाने वाली गंगा-सतलज एक्सप्रेस (13307) 17 अक्टूबर से फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर 10 मिनट देरी से पहुंचेगी। संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) और टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18101) के हीरा नगर और विजयपुर जम्मू स्टेशनों पर पहुंचने के समय में भी संशोधन किया गया है।
ये भी पढ़ें : RBI का बड़ा फैसला, अनुसूचित बैंकों की सूची से भी बाहर हुआ Paytm Payments Bank
स्वराज और अंडमान एक्सप्रेस का नया समय
बांद्रा टर्मिनस से कटरा जाने वाली स्वराज एक्सप्रेस (12471) 18 अक्टूबर से जम्मू तवी स्टेशन पर निर्धारित समय से पहले पहुंचेगी। वहीं चेन्नई से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली अंडमान एक्सप्रेस (16031) के जम्मू तवी, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और कटरा स्टेशनों पर आगमन समय में भी बदलाव किया गया है।
दिल्ली सराय रोहिल्ला AC एक्सप्रेस भी प्रभावित
दिल्ली सराय रोहिल्ला AC एक्सप्रेस (22401) का नया शेड्यूल 19 अक्टूबर से लागू होगा। इस ट्रेन के जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर पहुंचने के समय में उल्लेखनीय बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को पहले से जानकारी रखना जरूरी होगा।
सफर से पहले ऐसे करें समय की पुष्टि
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति और समय की जानकारी जरूर लें। इसके लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं या भारतीय रेलवे पूछताछ पोर्टल पर जाकर ट्रेन का अपडेटेड शेड्यूल देख सकते हैं। इससे यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सकता है।