रेलवे ने यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव की घोषणा की है। 1 मार्च 2026 से UTS मोबाइल ऐप पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस ऐप के जरिए अब जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट या मासिक सीजन टिकट बुक नहीं किए जा सकेंगे। रोजाना लाखों लोग इस ऐप का इस्तेमाल करते थे, खासकर लोकल और छोटी दूरी की यात्रा के लिए। अब सभी यात्रियों को नए सिस्टम पर जाना होगा।
RailOne बनेगा नया सहारा
रेलवे ने एक नया सुपर ऐप शुरू किया है, जिसका नाम RailOne है। इसी ऐप के जरिए अब अनारक्षित टिकट के साथ-साथ स्लीपर और एसी जैसी रिजर्व सीटों की बुकिंग भी की जा सकेगी। इसके अलावा ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर की जानकारी, टिकट कैंसिलेशन और रिफंड जैसी सुविधाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। यानी अब अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं होगी।
बुकिंग होगी आसान
नए ऐप में होम स्क्रीन पर ही जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट का विकल्प दिखाई देगा। इससे टिकट लेना और भी आसान हो जाएगा। सफर के दौरान खाना मंगवाना, शिकायत दर्ज करना या सुझाव देना भी इसी ऐप से संभव होगा। RailOne कई भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्री आसानी से इसका उपयोग कर सकें।
ये भी पढ़ें : Jodhpur में 28 फरवरी को शाही शादी, उद्योगपति की बेटी के फेरों में शामिल होंगे देश-विदेश के दिग्गज मेहमान
क्यों लिया गया फैसला
रेलवे का उद्देश्य सभी सेवाओं को एक ही जगह पर उपलब्ध कराना है। इससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की परेशानी नहीं होगी। यह कदम डिजिटल सुविधा को बढ़ावा देने और यात्रा को सरल बनाने के लिए उठाया गया है। रेलवे का मानना है कि एक ही प्लेटफॉर्म से काम करना ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा।
पुराने यूजर क्या करें
अगर आप पहले से UTS या अन्य रेलवे ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। वही पुराना यूजर नेम और पासवर्ड RailOne में भी काम करेगा। नया खाता बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल में RailOne डाउनलोड कर लॉग इन करें और अपनी बुकिंग जारी रखें।
स्टेशन काउंटर भी विकल्प
जो लोग मोबाइल से टिकट नहीं लेना चाहते, वे स्टेशन काउंटर से भी टिकट खरीद सकते हैं। हालांकि मोबाइल ऐप से बुकिंग करना तेज और लाइन से बचने वाला तरीका है। इसलिए 1 मार्च से पहले ही नया ऐप डाउनलोड कर लेना बेहतर रहेगा।