
India On US 25% Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 1 अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत सरकार ने सख्त प्रतिक्रिया दी है.सरकार ने कहा है कि वह देश के किसानों, उद्यमियों और एमएसएमई के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी. सरकार ने स्पष्ट किया कि वह राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगी और अन्य देशों के साथ हुए समझौतों की तरह इस मसले पर भी ठोस निर्णय लेगी.
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर असर
सरकार ने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच निष्पक्ष और संतुलित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है. इस बीच भारत, ट्रंप के इस फैसले के प्रभावों का गंभीरता से अध्ययन कर रहा है. अमेरिका के इस कदम को लेकर देश के उद्योग जगत में भी चिंता है. फिक्की अध्यक्ष हर्षवर्धन अग्रवाल ने इसे निराशाजनक करार दिया और उम्मीद जताई कि यह टैरिफ अस्थायी होगा तथा जल्द ही भारत-अमेरिका के बीच एक स्थायी समझौता हो सकेगा.
यह भी देखेंःCheapest Gold world: दुनिया में सबसे सस्ता सोना कहां मिलता है? जानिए भूटान की हैरान कर देने वाली सच्चाई
चीन का भी अमेरिका को तीखा जवाब
अमेरिका ने चीन को भी चेतावनी दी थी कि यदि वह रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा, तो उसे भी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा. इस पर चीन ने दो टूक कहा कि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों के अनुसार निर्णय लेगा और किसी भी प्रकार के दबाव को स्वीकार नहीं करेगा. चीन ने यह भी जोड़ा कि टैरिफ युद्ध से किसी को लाभ नहीं होता और वह अपने राष्ट्रीय हितों की पूरी मजबूती से रक्षा करेगा.