Toyota Innova HyCross Flex-Fuel: एथेनॉल फ्यूल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच देश में पहली बार पूरी तरह एथेनॉल पर चलने वाली कार लॉन्च होने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ऐलान किया है कि इसी महीने यानि नवंबर 2026 में Toyota की Innova HyCross को लॉन्च किया जाएगा। यह फ्लेक्स फ्यूल MPV खास तौर पर E100 पर चलने के लिए बनाई गई है। खास बात यह है कि यह कार सिर्फ एथेनॉल ही नहीं, बल्कि पेट्रोल और एथेनॉल के किसी भी मिश्रण पर आसानी से चल सकती है।
नितिन गडकरी डेढ़ साल से कर रहे हैं इस्तेमाल
2 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित ENRich 2026 कॉन्फ्रेंस के दौरान नितिन गडकरी ने बताया कि वे खुद पिछले करीब डेढ़ साल से टोयोटा की इस इनोवा फ्लेक्स फ्यूल कार का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि ग्राहकों को यह ध्यान रखना होगा कि टोयोटा ने अभी तक कार की कीमत, बुकिंग राशि, शोरूम लॉन्च की तारीख या स्पेसिफिकेशन्स का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। यानि मंत्री द्वारा गाड़ी को पेश करने और शोरूम में बिक्री शुरू होने की तारीख में थोड़ा अंतर हो सकता है।
कार में क्या है खास
इस कार में फ्लेक्स फ्यूल इंजन के साथ-साथ टोयोटा का दमदार स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है। एथेनॉल में पेट्रोल के मुकाबले कम एनर्जी होती है, लेकिन हाइब्रिड सिस्टम के कारण गाड़ी सही स्पीड पर बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल करती है, जिससे माइलेज बेहतर मिलता है। टोयोटा ने इस तकनीक को अगस्त 2023 में पहली बार दुनिया के सामने रखा था, जिसके बाद इस पर कई तरह के टेस्ट और सर्टिफिकेशन किए गए हैं।
एथेनॉल कहां से मिलेगा
इस गाड़ी को खरीदने के सामने सबसे बड़ा सवाल फ्यूल की उपलब्धता का है। देश भर में E20 पेट्रोल तो आसानी से मिल जाता है, लेकिन शुद्ध एथेनॉल के पेट्रोल पंप फिलहाल देशव्यापी स्तर पर उपलब्ध नहीं है। नितिन गडकरी के अनुसार एथेनॉल की कीमत लगभग 75 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पेट्रोल की कीमत करीब 120 रुपये प्रति लीटर है।
यह भी पढ़ें: 15 साल सिर्फ 5 कारें! जानिए भारत में सालों से राज कर रही बेस्ट-सेलिंग कारों की पूरी कहानी; कीमत 3.69 लाख से शुरू
आम कार मालिकों के लिए जरूरी सावधानी
मौजूदा पेट्रोल कारों में सीधा 100 प्रतिशत एथेनॉल नहीं डाला जा सकता। एथेनॉल पर चलने के लिए कार के इंजन, फ्यूल पाइप्स और सील्स का अलग होना जरूरी है। आज बिकने वाली ज्यादातर कारें केवल E20 के लिए ही उपयुक्त है। अपनी कार में वही ईधन डालें, जो उसके मैनुअल या स्टिकर पर लिखा हो।