
PM Modi Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुंबई में आयोजित इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि यह आयोजन 2016 में मुंबई से शुरू हुआ था और अब यह एक वैश्विक कार्यक्रम बन गया है। इस बार दुनिया के 85 से अधिक देशों की भागीदारी भारत के बढ़ते प्रभाव और नेतृत्व को दर्शाती है।
शिपिंग सेक्टर में बड़ा निवेश
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के शिपिंग और पोर्ट सेक्टर में तेजी से प्रगति हो रही है। इस सम्मेलन के दौरान लाखों करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जो इस क्षेत्र में निवेश के नए अवसर खोलते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की समुद्री ताकत न केवल अर्थव्यवस्था बल्कि रोजगार के क्षेत्र में भी बड़ी भूमिका निभा रही है।
यह भी देखेंःTRAI and DoT: अनजान नंबर से आने वाली कॉल में दिखेगा कॉलर का असली नाम, TRAI और DoT का बड़ा कदम
दुनिया का भारत पर बढ़ा भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत के मैरीटाइम सेक्टर पर दुनिया का विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। भारत आत्मनिर्भर बंदरगाह, स्वदेशी जहाज निर्माण और हरित ऊर्जा आधारित शिपिंग पर काम कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भारत समुद्री व्यापार और कनेक्टिविटी में एक वैश्विक हब के रूप में उभरेगा।