ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। इसी कड़ी में देश की निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने एक बड़ा और एहतियाती फैसला लिया है। कंपनी ने यात्रियों और अपने क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। यह फैसला मौजूदा हालात को देखते हुए लिया गया है ताकि किसी भी तरह के जोखिम से बचा जा सके।
किन शहरों की उड़ानें की गईं रद्द
इंडिगो ने जानकारी दी है कि 25 जनवरी को दिल्ली से त्बिलिसी और मुंबई से अल्माटी जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही इन शहरों से भारत लौटने वाली उड़ानें भी कैंसिल की गई हैं। कंपनी का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह से एहतियात के तौर पर लिया गया है और हालात सामान्य होने पर इन रूट्स की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
ईरान तनाव का सीधा असर उड़ानों पर
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि वह ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रों में हो रहे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौजूदा भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए उड़ानों की समय-सारिणी में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। कंपनी का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे फैसले लिए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें : 18 साल बाद बड़ा फैसला, भारत-यूरोपीय संघ की डील से क्या आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
कुछ उड़ानों में बदला गया रूट
इंडिगो ने यह भी बताया कि 26 जनवरी को त्बिलिसी, अल्माटी, बाकू और ताशकंद से आने-जाने वाली कुछ उड़ानें अब सीधे नहीं जाएंगी। सुरक्षा कारणों से इन विमानों को ईंधन भरने के लिए दोहा में कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। इससे यात्रा का समय थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन यह कदम पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
यात्रियों को दी गई खास सलाह
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें। किसी भी तरह की नई जानकारी या बदलाव के लिए इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। कंपनी का कहना है कि यात्रियों को समय पर जानकारी देना उसकी प्राथमिकता है।
भू-राजनीतिक अनिश्चितता से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव किसी बड़े सैन्य टकराव में बदलने की आशंका भी पैदा कर रहा है। इसी अनिश्चित माहौल के चलते दुनियाभर की विमानन कंपनियां अपने रूट और ऑपरेशंस में बदलाव कर रही हैं। इंडिगो का यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जहां यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर रखी जा रही है।