Srinagar Airport Incident: श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब नवी मुंबई से पहुंचा इंडिगो का एक विमान पार्किंग के दौरान एयरोब्रिज की तरफ बढ़ते हुए एक पोल से जा टकराया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में विमान में मौजूद किसी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 ने नवी मुंबई से उड़ान भरी थी। विमान सुबह करीब 9 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचा। लैंडिंग के बाद जब विमान को बे नंबर 06 पर खड़ा किया जा रहा था, तभी पार्किंग प्रक्रिया के दौरान उसका संपर्क विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से हो गया। एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह पार्किंग के दौरान हुई एक मामूली घटना थी। फिलहाल टक्कर की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। पोल से टकराने के बाद भी किसी को चोट नहीं लगी और सभी लोग सामान्य तरीके से विमान से बाहर निकल गए। हालांकि, घटना के बाद विमान के अगले हिस्से की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार टक्कर से विमान के नोज सेक्शन यानी अगले हिस्से को नुकसान पहुंचने की संभावना है। विमान को आगे की उड़ान के लिए इस्तेमाल किए जाने से पहले तकनीकी जांच से गुजरना होगा।
एयरपोर्ट का संचालन सामान्य
श्रीनगर एयरपोर्ट के निदेशक जावेद अंजुम ने बताया कि घटना के बावजूद एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। यहां से विमानों का आवागमन सामान्य रूप से जारी है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा और विमानन अधिकारियों ने भी जांच शुरू कर दी है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की टीम विमान की तकनीकी स्थिति का जायजा ले रही है। जांच के आधार पर ही यह तय होगा कि विमान को अगली उड़ान के लिए कब तक तैयार किया जा सकता है। वहीं, विमान में सवार यात्रियों की सटीक संख्या को लेकर इंडिगो या एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। इंडिगो के इस रूट पर इस्तेमाल होने वाला एयरबस A320 आम तौर पर करीब 180 से 186 यात्रियों की क्षमता वाला विमान है।