देशभर में इंडिगो की दर्जनों फ्लाइट रद्द होने से हजारों यात्री फंसे हुए हैं। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी और हाई किराए की मार के बीच भारतीय रेलवे ने राहत का बड़ा दरवाजा खोल दिया है। रेलवे ने तुरंत आपात स्थिति को देखते हुए आठ जोड़ी यानी कुल 16 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान कर दिया। ये ट्रेनें मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, पुणे, गोवा, गोरखपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख शहरों के बीच चलाई जा रही हैं। मंत्रालय का कहना है कि बुकिंग तेज हो रही है और जरूरत पड़ने पर और भी ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
पूरी तरह आरक्षित ट्रेनें, बुकिंग शुरू
रेलवे मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि सभी स्पेशल ट्रेनें फुली रिजर्व्ड होंगी और टिकट IRCTC वेबसाइट, ऐप और स्टेशन काउंटरों पर उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जल्दी बुकिंग करा लें, क्योंकि इंडिगो की गड़बड़ी के बाद ट्रेनों की मांग कई गुना बढ़ सकती है। रेलवे का यह कदम उन हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत है, जिन्हें फ्लाइट कैंसिल होने के कारण तुरंत यात्रा करनी है।
ये भी पढ़ें : Passport Verification का झंझट खत्म, अब सिर्फ एक क्लिक में DigiLocker से मिलेगा पूरा रिकॉर्ड
कौन-कौन सी ट्रेनें चलेंगी? यहां पूरा शेड्यूल
रेलवे ने 6 से 12 दिसंबर तक विभिन्न रूटों पर विशेष ट्रेनें चलाई हैं:
पुणे–बेंगलुरु (01413/01414) – 6 और 7 दिसंबर
पुणे–निजामुद्दीन (01409/01410) – 7 और 9 दिसंबर
एलटीटी मुंबई–मडगांव (01019/01020) – 7 और 8 दिसंबर
सीएसएमटी मुंबई–निजामुद्दीन (01019/01020) – 6 और 7 दिसंबर
एलटीटी मुंबई–लखनऊ (01015/01016) – 6 और 7 दिसंबर
नागपुर–मुंबई सीएसएमटी (01012/01011) – 6 और 7 दिसंबर
गोरखपुर–एलटीटी मुंबई (05587/05588) – 7 और 9 दिसंबर
बिलासपुर–एलटीटी मुंबई (08245/08246) – 10 और 12 दिसंबर
इन ट्रेनों में पर्याप्त सीटें उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।
एयरलाइन किराए पर सख्ती, सरकार ने संभाला मोर्चा
इंडिगो द्वारा बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द किए जाने के बाद अन्य एयरलाइंस ने अचानक किराए बढ़ा दिए, जिससे यात्रियों की मुसीबत और बढ़ गई। उड्डयन मंत्रालय ने तुरंत दखल देते हुए सभी एयरलाइंस को ‘वाजिब किराए’ तय करने का आदेश दिया है। मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि मंत्रालय रियल-टाइम में किराए की निगरानी कर रहा है और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई होगी। इसी बीच, इंडिगो अधिकारियों को आज शाम मंत्रालय में तलब किया गया है, जहां संकट पर कड़ी पूछताछ होगी।