मध्यप्रदेश के इंदौर से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। एक महिला ने तीन शादियां कीं, एक लिव-इन में रही, और अब चौथे शिकार की तैयारी में थी। लेकिन उसकी चालों पर सास ने जब सवाल उठाए, तो बहू ने बाथरूम में ही सास की हत्या कर दी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पुराने संबंधों की परतें अब खुलने लगी हैं।
पहली शादी, बेटा और फिर तलाक
विजयनगर की रहने वाली नेहा चौधरी की पहली शादी नर्मदापुरम जिले के नरसिंहपुर निवासी बृजेश पटेल से हुई थी। इस शादी से उसका एक बेटा हुआ, लेकिन जल्द ही पति-पत्नी के रिश्तों में खटास आ गई और दोनों का तलाक हो गया। बेटा पिता के पास रह गया।
मुंबई में लिव-इन और फिर रेप का केस
तलाक के बाद नेहा मुंबई चली गई। यहां उसकी मुलाकात रोहित नामक युवक से हुई और दोनों लिव-इन में रहने लगे। बाद में जब संबंध बिगड़े तो नेहा ने रोहित पर बलात्कार का केस दर्ज करा दिया।
इंदौर में तीसरी शादी, फिर नए जाल की तैयारी
मुंबई से लौटने के बाद नेहा ने इंदौर के संदीप चौधरी से शादी की और विजयनगर क्षेत्र में रहने लगी। शुरू से ही इस शादी में विवाद चल रहे थे। संदीप की मां यानी नेहा की सास को बहू की हरकतें खटक रही थीं, खासकर एक युवक 'आदर्श' से उसकी बातचीत।
नसबंदी करवा ली ताकि दोबारा मां न बने
सूत्रों के अनुसार, नेहा ने अपने पहले बेटे के बाद नसबंदी करवा ली थी। उसकी योजना थी कि वह दोबारा मां न बने, ताकि हर बार नए युवक को शादी या प्यार के जाल में फंसा सके। इसी वजह से सास उसे अक्सर ताने देती थी, जिससे दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया।
सास को बाथरूम में बुलाकर फरसे से वार
रविवार की रात नेहा ने सास को बाथरूम में बुलाया और वहीं उसके सिर पर फरसे से वार कर दिया। सास की मौके पर ही मौत हो गई। जब पति संदीप घर लौटा तो मां का शव बाथरूम में पड़ा मिला। पुलिस को सूचना दी गई और नेहा को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस कर रही कॉल डिटेल और पुराने रिश्तों की जांच
नेहा चौधरी के पुराने मामलों और कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितने लोगों को वह अब तक अपने जाल में फंसा चुकी थी और अगला शिकार कौन बनने वाला था। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।