INDORE CHHATRON KI GOONJ : इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान देवास के दिवंगत छात्र अर्पित जाज का परिवार राहुल गांधी से मिलने मंच पर पहुंचा। अर्पित की तस्वीर हाथ में लिए पिता, दादा और बहन भावुक हो गए और रो पड़े। परिजनों ने दिल्ली में हुए बिल्डिंग हादसे में अर्पित की मौत का दर्द साझा किया। परिवार ने पढ़ाई और छात्रों से जुड़े मुद्दों को भी राहुल गांधी के सामने रखा। राहुल गांधी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए मदद का भरोसा दिलाया।
अर्पित को याद कर भावुक हुआ परिवार
राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान अर्पित के पिता भूपेंद्र जाज और दादा अपने आंसू नहीं रोक सके। अर्पित की बहन प्रियांशी ने कहा कि परिवार ने बड़ी मुश्किल से उसे पढ़ाई के लिए दिल्ली भेजा था। उसके मुताबिक, हादसे में अर्पित की कोई गलती नहीं थी।
‘बेटे के बड़े सपने थे’
अर्पित के पिता ने बताया कि उनका बेटा बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और उसके बड़े सपने थे। उन्होंने कहा कि काफी मुश्किलों के बाद अर्पित को पढ़ाई के लिए दिल्ली भेजा था। परिवार ने राहुल गांधी से अपील की कि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
राहुल गांधी ने सुनी परिवार की बात
राहुल गांधी ने अर्पित के परिजनों की पूरी बात सुनी। उन्होंने उसकी बहन से पढ़ाई को लेकर भी बातचीत की और परिवार को सांत्वना दी। राहुल गांधी ने कहा कि अगर वे किसी तरह की मदद कर सकते हैं तो परिवार उन्हें जरूर बताए। कार्यक्रम के बाद परिवार से मिलने की बात भी कही गई।
रक्षाबंधन के बाद दिल्ली गया था अर्पित
परिजनों के मुताबिक, अर्पित रक्षाबंधन पर घर आया था। इसके बाद शनिवार 5 सितंबर को वह देवास से दिल्ली के लिए रवाना हुआ और रविवार सुबह दिल्ली पहुंचा था। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
कमरे में मौजूद था, तभी ढह गई बिल्डिंग
परिजनों के अनुसार, अर्पित दिल्ली पहुंचने के बाद अपने कमरे में था। इसी दौरान दोपहर में अचानक बिल्डिंग गिर गई और वह मलबे में दब गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता उसी दिन दिल्ली पहुंचे। परिवार का कहना है कि कई प्रयासों के बाद उन्हें अर्पित की मौत की जानकारी मिली।