INDORE CHHATRON KI GOONJ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद किया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ रहा। इस दौरान परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, चयन प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने छात्रों से सवाल-जवाब किए और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के लिए IDA ग्राउंड पर बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।
‘सिस्टम पर भरोसा खत्म हो गया’
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों का सिस्टम पर भरोसा कम हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की भी गलती होती है। इस पर कार्यक्रम में मौजूद छात्रों की ओर से जवाब आया- ‘सर, हम सिस्टम से हार गए।’ राहुल गांधी ने परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है।
पेपर लीक से शिक्षा की लागत तक मुद्दे
राहुल गांधी ने कहा कि आज कई छात्र अपने भविष्य को लेकर दबाव में हैं। उन्होंने छात्रों के सामने परीक्षा में पारदर्शिता, चयन प्रक्रिया पर भरोसा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल रखे। कार्यक्रम में पेपर लीक, संस्थागत कमियां, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा की बढ़ती लागत और निजीकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
छात्रों ने मंच से रखी अपनी बात
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मंच पर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करने का मौका दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की बात सुनना जरूरी है, ताकि यह समझा जा सके कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था उन्हें किस तरह प्रभावित कर रही है।
कार्यक्रम को लेकर 31 सुरक्षा शर्तें
राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को प्रशासन की ओर से 31 सुरक्षा शर्तों के साथ अनुमति दी गई थी। इनमें आयोजन स्थल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े निर्देश शामिल थे। कार्यक्रम से पहले शहर में ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी।