Indore Food Poisoning---मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की मौत हो गई। तीनों की उम्र 10, 8 और 5 साल बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, रात में घर का बना दाल-चावल और अन्य खाना खाने के बाद बच्चियों की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और हालत गंभीर होने पर अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल मौत की वजह संदिग्ध फूड पॉइजनिंग मानी जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद होगी।
खाना खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि पीथमपुर की एक कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ बेटमा इलाके में रहते हैं। परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार, रात करीब 2 बजे परिवार के सदस्यों ने घर में बनी दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। खाना खाने के कुछ समय बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त हुए और देखते ही देखते उनकी हालत गंभीर हो गई।
दो बच्चियों ने इंदौर में तोड़ा दम
परिजन तीनों बच्चियों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान 10 और 8 साल की दोनों बच्चियों की मौत हो गई। परिवार के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं थी। दोनों बच्चियों के शव लेकर परिजन अपने पैतृक गांव छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान रास्ते में तीसरी बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई।
रास्ते में बिगड़ी तीसरी बच्ची की हालत
तीसरी बच्ची को परिजन तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार की तीन बेटियों की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।
पोस्टमॉर्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा जाएगा। भोजन के नमूने और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बच्चियों की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई या इसके पीछे कोई और वजह थी।