India West Indies; इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। इसी बीच टिकटों के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आधिकारिक टिकट बिक्री पूरी होने के बाद भी कई फर्जी वेबसाइट और लिंक सक्रिय हैं। इन पर सस्ते और कंफर्म टिकट उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों को ऐसे किसी भी लिंक पर भुगतान नहीं करने की सलाह दी है।
25 सितंबर को पूरी हो चुकी है टिकट बिक्री
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकटों की बिक्री 25 सितंबर को ही पूरी हो चुकी है। इसके बाद आधिकारिक तौर पर कोई टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद सोशल मीडिया, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और इंटरनेट पर कुछ वेबसाइटों के जरिए टिकट उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं।
सस्ते टिकट का झांसा देकर ठगी
ठग क्रिकेट प्रशंसकों को आकर्षित करने के लिए कम कीमत पर टिकट और कंफर्म बुकिंग का झांसा दे रहे हैं। फर्जी वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के नाम पर लोगों से ऑनलाइन भुगतान कराया जा रहा है। कुछ लोगों के ठगी का शिकार होने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है।
फर्जी वेबसाइटों पर कार्रवाई शुरू
शिकायतें मिलने के बाद साइबर क्राइम टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे संदिग्ध यूआरएल और पोर्टल की जानकारी जुटाना शुरू किया है। संबंधित फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक और बंद कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 सितंबर के बाद मैच के टिकटों की आधिकारिक बिक्री बंद है। ऐसे में किसी व्यक्ति, व्हाट्सएप ग्रुप या वेबसाइट द्वारा टिकट दिलाने का दावा किया जाता है तो उस पर भरोसा न करें।
अनजान लिंक पर भुगतान से बचें
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी अनधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट या संदिग्ध पेमेंट लिंक के जरिए पैसे ट्रांसफर न करें। टिकट खरीदने से पहले उसके स्रोत की पुष्टि करना जरूरी है। किसी संदिग्ध लिंक या वेबसाइट पर व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए।
,