मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 513 ग्राम से अधिक ‘MD’ ड्रग्स बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बच नहीं सके।
एमआर-4 रोड पर संदिग्ध हरकतों से खुला राज
क्राइम ब्रांच की टीम एमआर-4 रोड पर नियमित चेकिंग और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर जालंधर नाथ महादेव मंदिर के पास बाइक सवार तीन युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक घबरा गए। मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश ने पुलिस को सतर्क कर दिया। टीम ने तुरंत चारों ओर से घेराबंदी की और कुछ ही देर में तीनों को दबोच लिया।
कौन हैं पकड़े गए तस्कर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकल निदवानिया निवासी मंदसौर, मुकेश धनगर उर्फ बबलू निवासी मंदसौर और कमलेश गायरी निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार निकल निदवानिया पर पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि तीनों की पढ़ाई सीमित है और ये दिहाड़ी व रिपेयरिंग जैसे काम करते थे।
कम समय में अमीर बनने का लालच
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जल्दी पैसा कमाने की चाह में ड्रग तस्करी के नेटवर्क में शामिल हो गए। वे बाहरी इलाकों से सस्ते दामों पर ‘MD’ ड्रग्स खरीदते और इंदौर शहर में नशे के आदी युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे। यह धंधा लंबे समय से चल रहा था।
जब्त सामग्री और अनुमानित कीमत
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 513.48 ग्राम ‘MD’ ड्रग्स, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त मशरूका की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट में केस, नेटवर्क की तलाश जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध शाखा थाने में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि पूरे ड्रग नेटवर्क और मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य नाम भी सामने आएंगे।