मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए पुलिस ने 'ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट' शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत देर रात तक शहर के प्रमुख बाजारों, मॉल, पब-रेस्टोरेंट और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों से आसमान से नजर रखी जा रही है, जबकि सड़कों पर महिला पुलिस की टीमें गश्त कर सुरक्षा का भरोसा दिला रही हैं।
रात में भी सुरक्षित माहौल देने की पहल
पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिलाएं और युवतियां दिन ही नहीं, बल्कि देर रात भी बिना किसी डर के शहर में आ-जा सकें। इसके लिए संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर विशेष निगरानी बढ़ाई गई है।
ड्रोन से हो रही हाईटेक मॉनिटरिंग
अभियान के तहत आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। शहर के प्रमुख मॉल, बाजार और ऐसे स्थान, जहां महिला सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है, वहां ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा रही है।
महिला पुलिस की पैदल और बाइक पेट्रोलिंग
शहर के अलग-अलग चौराहों और मुख्य सड़कों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। महिला अधिकारी और जवान पैदल गश्त के साथ बाइक पेट्रोलिंग भी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय रखा गया है।
मनचलों और संदिग्धों पर सख्ती
देर रात बिना वजह घूमने वाले संदिग्ध लोगों और महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे लोगों से पूछताछ की जा रही है और हुड़दंग या असामाजिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा और भरोसे का संदेश
'ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट' के जरिए पुलिस महिलाओं को यह संदेश देना चाहती है कि शहर में उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक और फील्ड पेट्रोलिंग के संयोजन से इंदौर में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।