इंदौर में इस शादी सीजन घोड़ी की सवारी सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि एक शाही ट्रेंड बन चुकी है। खासकर सफेद, लंबी और आकर्षक घोड़ियां लोगों की पहली पसंद बन गई हैं। इनकी बुकिंग 51 हजार से लेकर 11 लाख रुपए तक जा रही है। शहर में ऐसी हाई-क्लास घोड़ियों की इतनी डिमांड है कि कई तो 2027 तक फुली बुक हैं। इन्हीं में से सबसे ज्यादा चर्चा में है इंदौर की ‘पद्मावती’।
सफेद घोड़ियों का बढ़ा जलवा, डिमांड लगातार हाई
इंदौर और आसपास के इलाकों में सफेद घोड़ियों का ट्रेंड पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। आकर्षक रंग, लंबा कद और फोटोजेनिक लुक के कारण दूल्हे अब इसी रंग की घोड़ी पर बारात निकालना पसंद कर रहे हैं। यही कारण है कि अधिकांश घोड़ी मालिकों ने अपने तबेले में सफेद नस्ल की घोड़ियों की संख्या बढ़ा दी है। इनकी बुकिंग गांवों में सामान्यत: 5–10 हजार से शुरू होकर शहरों में लाखों तक पहुंच चुकी है।
इंदौर की ‘पद्मावती’ सबसे महंगी, 11 लाख में बुकिंग
इंदौर की टॉप घोड़ियों में ‘पद्मावती’ का नाम सबसे आगे है। करीब 5 फीट ऊंची यह घोड़ी अपनी शाही चाल, ग्रेस और ट्रेनिंग की वजह से सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। इसकी एक बुकिंग 11 लाख रुपए में तय हुई है, जो एक साउथ इंडियन फिल्म फैमिली में होने वाली शादी के लिए है। इससे पहले यह कई हाई-प्रोफाइल परिवारों में भी परफॉर्म कर चुकी है।
बुकिंग 2027 तक फुल, साउथ में भी बढ़ी डिमांड
इंदौर की हाई-प्रोफाइल घोड़ियां अब सिर्फ एमपी या राजस्थान में ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र और साउथ इंडिया तक में बुक की जा रही हैं। कई घोड़ियों की 2027 तक बुकिंग फिक्स हो चुकी है। मालिकों के मुताबिक लगातार बढ़ती डिमांड देखते हुए उन्होंने राजस्थान के पुष्कर और यूपी के सारंगखेड़ा से नई सफेद घोड़ियां भी मंगवाई हैं।
खूबसूरती बनी रहे इसलिए नहीं कराया जाता प्रजनन
घोड़ी की फिजीक, ग्रेस और रंग बरकरार रहे, इसलिए इनका प्रजनन नहीं कराया जाता। शादी और जुलूस में घोड़ी की सुंदरता ही उसकी सबसे बड़ी खासियत होती है, इसलिए घोड़ी मालिक नियमित केयर, हेल्दी डाइट और खास ट्रेनिंग पर जोर देते हैं। एक घोड़ी की उम्र 20–22 साल मानी जाती है, जिसमें लगभग 14 साल तक वह अपनी खूबसूरती और ऊर्जा बनाए रखती है।