DJ MA Faiza के शो में 'शिव तांडव' और 'राम धुन' पर नाचते लोगों से भड़के कार्यकर्ता, बाउंसरों पर बोतल फेंकने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी। मध्यप्रदेश के इंदौर में शुक्रवार रात एक पब में डीजे शो के दौरान हिंदू मंत्रों और धार्मिक धुनों को डांस ट्रैक में चलाने को लेकर भारी विवाद हो गया। स्काई कॉर्पोरेट पार्क स्थित MARQ पब में DJ MA Faiza का शो चल रहा था, जिसमें कथित रूप से 'शिव तांडव' और 'राम धुन' जैसे मंत्रों को शराब के नशे में झूमते लोगों पर बजाया गया। इस पर आपत्ति जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पब पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
कार्यकर्ताओं का आरोप—बाउंसरों ने बोतल से किया हमला
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने दावा किया कि जैसे ही उन्होंने शो बंद करवाने की कोशिश की, पब के बाउंसरों ने उन पर बोतलों से हमला कर दिया, जिससे एक कार्यकर्ता घायल भी हो गया। पब के बाहर भी जमकर नारेबाजी हुई और तनाव का माहौल बन गया।
पहले भी हो चुका है विवाद, चेतावनी के बावजूद शो आयोजित
बजरंग दल के विभाग सह-संयोजक अविनाश कौशल ने आरोप लगाया कि DJ MA Faiza का यह दूसरा विवादित शो था। पहले भी पब में धार्मिक गानों पर पार्टी आयोजित की गई थी, जिसके बाद संचालकों को चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने शो फिर से रखा, जिसमें आस्था का अपमान हुआ।
पुलिस का बयान—शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर लसूडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। टीआई तारेश सोनी ने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है, लेकिन यदि शिकायत दर्ज की जाती है तो उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।