indore-raja-raghuvanshi-murder : इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम समेत पांचों आरोपियों को कोर्ट से फिर बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत को 14 दिन और बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद अब सभी आरोपी अगले दो हफ्तों तक जेल में ही रहेंगे। इस केस में अब तक 50 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है और शिलांग पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उम्मीद है कि चार्जशीट जल्द कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
कोर्ट ने सुनाया फैसला, 14 दिन बढ़ी हिरासत
राजा रघुवंशी मर्डर केस के पांच मुख्य आरोपियों- सोनम, राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आकाश और आनंद कुर्मी को कोर्ट ने राहत देने से इनकार कर दिया। सभी की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। यह फैसला वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई सुनवाई के दौरान सुनाया गया। सोनम, राज और विशाल की हिरासत 1 अगस्त से जबकि आकाश और आनंद की 31 जुलाई से आगे बढ़ाई गई है।
सबूत जुटा रही पुलिस, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट
पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच में कई अहम सबूत सामने आए हैं, जिनमें घटनास्थल से जब्त की गई सोनम की जैकेट, आकाश की शर्ट और एक संदिग्ध हथियार शामिल हैं। इन सभी वस्तुओं को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों के खिलाफ ठोस चार्जशीट तैयार कर अदालत में पेश करने की तैयारी में है।
50 दिन से ज्यादा हो चुके, अब बढ़ रही उम्मीदें
इस हत्याकांड को हुए 50 दिन से अधिक समय हो चुका है और पीड़ित पक्ष को अब इंसाफ की उम्मीदें बढ़ती नजर आ रही हैं। वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार चार्जशीट में डिजिटल सबूतों को भी शामिल किया जाएगा। इस केस में पुलिस की ओर से की जा रही तफ्तीश में तेजी लाने के संकेत मिल रहे हैं।