इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, वहीं दूसरी ओर जनता में गुस्सा उबाल पर है। शहरभर में एक अनोखा पोस्टर वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा है –
'बेटियां तो बहुत बचा लीं, अब बेटों को बचाओ'। यह पोस्टर न सिर्फ शहर के रोटरी और चौराहों पर लगा है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन चुका है।
इंदौर की सड़कों पर 'बेटा बचाओ' का पोस्टर वायरल
राजा रघुवंशी की हत्या के बाद इंदौर में आम लोगों की नाराजगी अब खुलकर सामने आ रही है। MIG थाने के पास रोटरी पर लगाए गए पोस्टर में राजा की तस्वीर के साथ आरोपी सोनम और राज कुशवाह की भी तस्वीर छपी है। पोस्टर पर लिखा गया – "बेवफा बीवी की खौफनाक साजिश... अब बेटों को बचाओ... राजा रघुवंशी को न्याय दिलाओ।" इस संदेश ने आम लोगों की भावनाओं को झकझोर दिया है।
हत्या की पटकथा: प्यार, धोखा और साजिश
राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को सोनम से हुई थी। हनीमून पर शिलांग जाने के बाद 2 जून को राजा की लाश खाई में मिली। जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों समेत कुल 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
तेज हथियार से की गई हत्या, नार्को टेस्ट की मांग
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजा की हत्या तेज धारदार हथियार से की गई थी। मेघालय और इंदौर पुलिस ने जांच में तत्परता दिखाते हुए हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने आरोपियों के नार्को टेस्ट की मांग की है ताकि पूरे षड्यंत्र का सच सामने आ सके।
इंदौर में न्याय की गूंज, पर किसने लगाए पोस्टर?
'बेटा बचाओ' अभियान के पोस्टर किसने लगाए हैं, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन इतना तय है कि यह मामला अब केवल हत्या की गुत्थी नहीं, बल्कि समाज में पुरुषों की सुरक्षा और न्याय की मांग बन चुका है। इंदौर के लोग राजा रघुवंशी को न्याय दिलाने के लिए अब सड़कों पर उतर आए हैं।