इंदौर की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति का शव गंजबासौदा के रेलवे ट्रैक पर मिला है। पुलिस के अनुसार शव के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान अखिलेश सैनी के रूप में होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक पुष्टि परिजनों द्वारा पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पुलिस कर रही पुष्टि
गंजबासौदा में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक शव के पास मिले दस्तावेज अखिलेश सैनी के नाम के हैं। शव की स्थिति गंभीर थी और सिर धड़ से अलग मिला। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इंदौर और भोपाल से पुलिस टीम तथा परिजन भी पहचान की प्रक्रिया के लिए रवाना हो गए हैं।
आठ दिन से फरार था आरोपी
उर्मिला सैनी की हत्या के बाद से अखिलेश सैनी फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। आरोपी पर पहले 10 हजार रुपये और बाद में 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस को उसकी लोकेशन से जुड़े कुछ सुराग मिले थे और गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना सामने आ गई।
फरारी के दौरान बच्चों की गुल्लक से निकाले थे रुपये
जांच में यह भी सामने आया था कि फरार होने से पहले आरोपी ने बच्चों की गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब 8 से 10 हजार रुपये निकाल लिए थे। पुलिस का मानना है कि उसने शुरुआती खर्च के लिए यह नकदी अपने पास रखी थी। इसके बाद वह मोबाइल और अन्य पहचान के साधनों से दूरी बनाते हुए लगातार अपनी लोकेशन बदलने की कोशिश कर रहा था।
पत्नी की हत्या के बाद कैमरों से बचता रहा
पुलिस जांच के अनुसार, उर्मिला सैनी की हत्या के बाद आरोपी रेलवे स्टेशन और सरवटे बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया था। इसके बाद उसने ऐसे रास्तों का इस्तेमाल किया, जहां निगरानी कैमरे नहीं थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और रेलवे ट्रैक पर मिले शव से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।
क्या था पूरा मामला?
इंदौर की डाक कुंज कॉलोनी में डाक विभाग में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत उर्मिला सैनी की उनके पति पर हत्या करने का आरोप है। घटना उस समय हुई थी जब बच्चों के स्कूल जाने के बाद महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।