मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब महू क्षेत्र के मानपुर भेरू घाट पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से जा टकराया। करीब दो किलोमीटर लंबी ढलान पर हुए इस हादसे में ट्रक, गैस टैंकर, कार और पिकअप समेत कुल सात वाहन आपस में भिड़ गए। गाड़ियों पर भारी वाहन चढ़ जाने से अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
ढलान बनी हादसे की बड़ी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां लंबी ढलान मौजूद है। ट्रक तेज रफ्तार में ढलान से उतर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया। चालक ने नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक आगे चल रहे आयशर वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर आगे खड़ी कार से भिड़ गया और देखते ही देखते कई वाहन इसकी चपेट में आ गए।
एक के बाद एक भिड़ते चले गए वाहन
हादसे के दौरान सड़क पर पहले से ही ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच पीछे से आ रहा लोडेड ट्रक पिकअप से टकराया, जो पलटकर एक कार के ऊपर जा गिरा। गैस टैंकर भी हादसे में शामिल हो गया। कुछ कारों पर भारी वाहन चढ़ गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर गाड़ियों से बाहर निकलने लगे।
ब्रेक फेल होने की ड्राइवर ने बताई वजह
ट्रक चालक ने बताया कि वाहन के ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गए थे। सड़क के एक ओर कारों की लाइन लगी थी, जिनमें बच्चे भी सवार थे। ऐसे में चालक ने जान बचाने के लिए ट्रक दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वहां खड़े वाहनों से टक्कर हो गई। चालक के मुताबिक उसका प्रयास खुद को और आम लोगों को सुरक्षित रखने का था।
एयरबैग बने सुरक्षा कवच, कोई जनहानि नहीं
हादसे में फंसी कई कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। कारों में सवार बच्चों और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, हादसे के बाद मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।