इंदौर में ड्रीम ओलंपिक शूटिंग एकेडमी के कोच मोहसिन खान के खिलाफ सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं। अब तक कुल 7 केस दर्ज हो चुके हैं, जिनमें महिलाओं को जिन्न की मेहरबानी और नोटों की बारिश का लालच देकर तंत्र क्रिया, मानसिक शोषण और यौन उत्पीड़न जैसी गंभीर घटनाओं के आरोप लगे हैं। एक युवती ने दावा किया कि उसे वर्जिनिटी टेस्ट कराने को मजबूर किया गया, और एक कमरे में 10-12 पीर बाबा मौजूद थे।
‘जिन्न मेहरबान होगा, होगी नोटों की बारिश ’
पीड़िता ने बताया कि मोहसिन खान ने उसे शूटिंग एकेडमी खोलने का झांसा देकर लाखों रुपये लिए। एक महिला से मिलवाकर कहा गया कि जिन्न को खुश करने के लिए उसे दुल्हन की तरह सजना होगा। फार्म हाउस ले जाकर तंत्र क्रिया करवाई गई और कहा गया कि यदि ध्यान ठीक से लगाया तो जिन्न नोटों की बारिश करेगा।
वर्जिनिटी टेस्ट का दबाव, कमरे में थे पीर बाबा
पीड़िता के अनुसार, उसे वर्जिनिटी टेस्ट करवाने के लिए मजबूर किया गया। कमरे में 10 से 12 पीर बाबा मौजूद थे। लोबान जलाया गया और ध्यान लगाने को कहा गया। जब ध्यान नहीं लगा तो कहा गया कि यह लड़की जिन्न के काम की नहीं है और उसे वापस ले जाने को कहा गया।
20 लाख बर्बाद हुए, अब दोस्त से बनाओ संबंध
तंत्र क्रिया फेल होने के बाद कोच मोहसिन ने कहा कि उसके 20 लाख रुपये बर्बाद हो गए। फिर उसने फैजान नामक व्यक्ति से मिलवाया और कहा कि उसके साथ रिलेशन बनाओ, ताकि शूटिंग रेंज खोलने में मदद मिल सके। पीड़िता ने इनकार किया और अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
डर दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश
महिला ने बताया कि शुरू में डर के चलते वह चुप रही, लेकिन जैसे-जैसे मोहसिन के कारनामे सामने आए, उसने साहस जुटाकर अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने एक और केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।