weather alert: दिल्ली-एनसीआर के लोग अब बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे हैं. पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के आसमान में बादल छाए हुए हैं, लेकिन मानसून जैसी बारिश अभी तक नहीं हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली व वेस्ट यूपी में तेज बारिश होने की संभवनाएं जताई गई हैं. इसके अलावा बिहार व राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश होन की संभावनाएं हैं.. आइये जानते हैं मौसम विभाग ने आज देश में बारिश को लेकर क्या अलर्ट जारी किया है..
दिल्ली में येलो अलर्ट के बीच बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अनुमान है कि कल बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तापमान अधिकतम 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
यूपी में 29 जून तक भारी बारिश के संकेत
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के कारण लगातार झमाझम बारिश हो रही है. प्रदेश में 29 जून तक बारिश जारी रहने के संकेत हैं. तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहाना और ठंडा हो गया है. 26 जून से लगभग सभी इलाकों में बारिश होने की संभावना है. इसी के तहत 24 जून को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है. विशेष रूप से सीतामढ़ी, सुपौल, मधुबनी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों में बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान है. जिसके चलते इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, शिवहर, दरभंगा, अररिया और किशनगंज जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है.
राजस्थान के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान के 16 जिलों में 24 जून को भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बारां, बूंदी, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, चूरू और नागौर जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.