Raj Kumar Goyal: देश के केंद्रीय सूचना आयोग को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राज कुमार गोयल को देश का अगला मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) नियुक्त किया गया है। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। यह पद पूर्व सीआईसी हीरालाल समरिया का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से रिक्त था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय चयन समिति ने गोयल के नाम की सिफारिश की थी। इस समिति में गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे। नई नियुक्ति के साथ आयोग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रशासनिक सेवा में तीन दशक का अनुभव
राज कुमार गोयल एजीएमयूटी कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने इसी वर्ष 31 अगस्त को कानून और न्याय मंत्रालय के अंतर्गत न्याय विभाग के सचिव पद से सेवानिवृत्ति ली। अपने लंबे करियर में वे गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) जैसे अहम पद पर रहे। इसके अलावा केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। प्रशासनिक मामलों की गहरी समझ और नीतिगत अनुभव के चलते उन्हें इस संवैधानिक पद के लिए उपयुक्त माना गया है।
नए सूचना आयुक्तों की भी नियुक्ति
मुख्य सूचना आयुक्त के साथ केंद्रीय सूचना आयोग में आठ नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति भी की गई है। इनमें रेलवे बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष जया वर्मा सिन्हा, पूर्व आईपीएस अधिकारी स्वागतम दास, पूर्व सीएसएस अधिकारी संजीव कुमार जिंदल, पूर्व आईएएस सुरेंद्र सिंह मीना और पूर्व वन सेवा अधिकारी खुशवंत सिंह सेठी शामिल हैं। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार पी.आर. रमेश और आशुतोष चतुर्वेदी तथा पीएनजीआरबी की सदस्य (कानूनी) सुधा रानी रिलांगी को भी सूचना आयुक्त बनाया गया है। ये सभी अधिकारी सोमवार को सीआईसी के साथ शपथ लेंगे।