Bengaluru Central Jail: बेंगलुरु सेंट्रल जेल में कैदियों द्वारा मोबाइल फोन चलाने और टीवी देखने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो में कैदी जेल के अंदर टीवी देखते और एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल करते दिखे। वीडियो सामने आने के बाद कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कारागार) बी. दयानंद से रिपोर्ट तलब की है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
वायरल वीडियो से खुली पोल
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि कुछ कैदियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक पहुंच मिली हुई थी। एक वीडियो में बलात्कार के दोषी उमेश रेड्डी मोबाइल चलाते हुए और अपनी बैरक में टीवी सेट के साथ दिखाई दिया। रेड्डी पर कई गंभीर आपराधिक आरोप हैं। मामले ने यह भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि जेल के अंदर इतनी सख्त निगरानी के बावजूद कैदी कैसे मोबाइल और टीवी जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
गृह मंत्री परमेश्वर ने कहा कि यह जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही है और अब कोई भी गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर एडीजीपी की रिपोर्ट संतोषजनक नहीं हुई, तो एक अलग जांच समिति गठित की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जाए। मंत्री ने कहा, अगर जेल में मोबाइल और टीवी जैसी चीजें मिल रही हैं, तो फिर इसे जेल नहीं कहा जा सकता। फिलहाल मामले की जांच जारी है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।