Innocent boy dies mysteriously: हैदराबाद के चंदन नगर इलाके में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले एक बच्चे की मौत ने सनसनी फैला दी है। स्कूल से लौटने के बाद बच्चा कपड़े बदलने के लिए घर के बाथरूम में गया था और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां बच्चे का शव बाथरूम के अंदर लटका हुआ मिला। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदिग्ध हालात में मिली लाश
मृतक बच्चे की पहचान प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसका शव स्कूल के आईडी कार्ड की डोरी और पास में मौजूद एक तार के सहारे लटका मिला। इस बात को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं कि इतनी कम उम्र के बच्चे के साथ यह घटना कैसे हुई। फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है और आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने बाथरूम की बनावट, दीवारों की ऊंचाई और वहां मौजूद तारों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया है। इसके साथ ही पुलिस टीम बच्चे के स्कूल भी पहुंची, जहां शिक्षकों और सहपाठियों से बातचीत की गई। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या बच्चा किसी तरह के मानसिक दबाव में था या हाल के दिनों में परेशान दिख रहा था। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई साफ हो पाएगी।