
Murdered in Bulandshahr: बुलंदशहर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली 4 वर्षीय दिव्यांग बच्ची दिव्यांशी, जो कल से लापता थी, उसका शव आज नरौरा थाना क्षेत्र में गंगनहर किनारे कच्ची गीली बालू में दबा हुआ मिला। बच्ची की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव बरामद होने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
खेलते-खेलते गायब हुई थी मासूम
जानकारी के अनुसार, दिव्यांशी कल शाम अपने घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद अचानक वह लापता हो गई। परिवार ने बच्ची को आसपास के इलाकों में काफी खोजा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। लापता होने की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। आज सुबह स्थानीय लोगों ने गंगनहर किनारे मिट्टी में दबा हुआ एक शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नरौरा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को बाहर निकाला और घटनास्थल की गहन जांच की।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल बच्ची की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि दिव्यांशी की हत्या कैसे हुई। थाना अहमदगढ़ और नरौरा पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग बच्ची की हत्या पर गुस्से के साथ-साथ स्तब्ध भी हैं।