उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दारोगा पर कपड़े की दुकान से चोरी करने का आरोप लगा है. यह मामला तब सामने आया जब घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो के वायरल होने के बाद एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया. आरोपी की पहचान सुमित वशिष्ठ के रूप में हुई है, जो मेरठ ट्रैफिक पुलिस में तैनात था. अब इस मामले में दारोगा सुमित वशिष्ठ ने अपनी ओर से सफाई भी दी है.
दारोगा की सफाई और दुकानदार का आरोप
आरोपी दारोगा सुमित वशिष्ठ का कहना है कि उन्हें अतिक्रमण की शिकायत मिली थी, जिसके बाद वह दुकान पर पहुंचे. वहां वो दुकानदार से बात करना चाह रहे थे, लेकिन दुकानदार उन्हें नजरअंदाज कर रहा था. सुमित के मुताबिक, उन्होंने दुकानदार का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए काउंटर पर रखे बैग उठा लिए थे. वहीं दूसरी ओर पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि दारोगा सुमित वशिष्ठ उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे.
वायरल वीडियो में बैग उठाते दिखे दारोगा
मेरठ के भगत सिंह मार्केट स्थित एक दुकान से चोरी के आरोप में फंसे दारोगा सुमित वशिष्ठ का एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में दुकान के काउंटर पर खड़ा नजर आ रहा है, जो एक-एक कर वहां रखे चार बैग उठाता है और फिर वहां से चला जाता है. दावा किया जा रहा है कि यह शख्स दारोगा सुमित ही हैं. उन पर दुकान से बैग चुराने का गंभीर आरोप लगा है.
स्टॉक मिलान के दौरान चोरी का हुआ खुलासा
दुकानदार को चोरी का शक तब हुआ जब वह शाम को स्टॉक का मिलान कर रहा था. उसे पता चला कि कुछ कपड़े दुकान से गायब हैं. इसके बाद उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें दारोगा सुमित वशिष्ठ काउंटर से कपड़ों के बैग उठाते नजर आए. हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि दारोगा ने उन कपड़ों के पैसे दिए थे या नहीं.