Instagram इस्तेमाल करने वालों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम जल्द ही Auto Scroll नाम का नया फीचर लॉन्च कर सकता है. इस फीचर से यूजर्स को खुद रील्स बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि स्क्रीन पर रील्स अपने-आप एक के बाद एक चलती रहेंगी. लेकिन यह सुविधा जितनी आसान लग रही है, उतनी ही खतरनाक भी हो सकती है खासकर मानसिक स्वास्थ्य के लिए.
क्या है Auto Scroll फीचर?
कुछ यूजर्स ने Facebook, Threads और X जैसे प्लेटफॉर्म्स पर स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं, जिनमें Instagram पर Auto Scroll का नया ऑप्शन नजर आ रहा है. इस फीचर को ऑन करने के बाद आपको रील्स ऊपर-नीचे स्क्रॉल नहीं करनी पड़ेगी. एक रील खत्म होते ही अगली रील अपने आप चलने लगेगी बिल्कुल जैसे Netflix पर अगला एपिसोड बिना किसी क्लिक के चलने लगता है.
क्या वाकई आ रहा है ये फीचर?
अब तक Instagram की ओर से इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. यानी ये अभी सिर्फ अफवाह हो सकती है, लेकिन यूजर्स के बीच इसे लेकर चर्चा जोरों पर है.
अगर फीचर आया तो क्या होगा असर?
अगर Instagram सच में यह Auto Scroll फीचर लेकर आता है, तो इसका बड़ा असर यूजर्स की मेंटल हेल्थ पर पड़ सकता है. इससे स्क्रीन टाइम बढ़ेगा, मानसिक थकावट और तनाव होगा. ध्यान भटकने की आदत हो सकती है और फोकस में कमी हो सकती है. साथ ही बच्चों और युवाओं में सोशल मीडिया की लत और बढ़ सकती है.
विशेषज्ञ मानते हैं कि पहले से ही रील्स की लत से यूजर्स खासकर युवा वर्ग परेशान हैं. ऐसे में Auto Scroll फीचर यूजर्स को ज्यादा देर तक ऐप पर बनाए रखने की एक रणनीति भी हो सकती है.
क्यों हो रही है आलोचना?
अगर यह फीचर लॉन्च होता है, तो यह सोशल मीडिया के इतिहास का सबसे नुकसानदायक अपडेट माना जा सकता है. क्योंकि यह यूजर्स को प्लेटफॉर्म से अलग होने ही नहीं देगा. हर रील खुद-ब-खुद चलती रहेगी, जिससे ब्रेक लेने का मौका ही नहीं मिलेगा.
लेकिन जब तक Instagram इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं देता, तब तक हम सिर्फ सतर्क रह सकते हैं. लेकिन अगर यह फीचर सच में आता है, तो यह जरूरी हो जाता है कि यूजर्स अपना स्क्रीन टाइम कंट्रोल में रखें और रील्स की लत से बचने के लिए डिजिटल ब्रेक लेते रहें. Auto Scroll भले ही सुनने में सुविधाजनक लगे, लेकिन इसके असर काफी गंभीर हो सकते हैं. ज़रूरी है कि हम सोशल मीडिया को इस्तेमाल करें, लेकिन खुद उसका शिकार न बनें.