Insurance scam MP: भोपाल।मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के नाम पर अब तक का सबसे बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जांच में पता चला है कि गिरोह ने जनवरी 2020 से दिसंबर 2024 के बीच 1004 बीमा क्लेम के जरिए 20 करोड़ रुपये हड़प लिए। हैरानी की बात यह है कि कई जीवित लोगों को मृत घोषित कर बीमा राशि निकाली गई। क्लेम राशि 8 बीमा कंपनियों से हासिल की गई। इस घोटाले में पंचायत सचिव, बीमा एजेंट और सामाजिक संस्थाओं के नाम शामिल हैं।
ग्वालियर में जीवित लोगों को बताया मृत
ग्वालियर में मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के 325 बीमा मामलों की जांच की गई, जिसमें से 5 मामलों में खुलासा हुआ कि नदीम, नसीमा, सिमरन और कृष्णा शंखवार जैसे लोग जीवित थे लेकिन फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर बीमा क्लेम किया गया।
गिरोह की कार्यप्रणाली
दीपमाला मिश्रा, जिग्नेस प्रजापति और विवेक दुबे जैसे लोगों ने मिलकर गिरोह बनाया। ये गिरोह अशिक्षित या कम पढ़े-लिखे लोगों को चुनते थे। मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर बैंक खाता, पासबुक, एटीएम, नॉमिनी सिग्नेचर तक अपने पास रखते थे। क्लेम मिलते ही पैसा एटीएम से निकाल लिया जाता था।
भिंड और मुरैना में भी ऐसा ही खेल
भिंड में लक्ष्मण नामक जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर 2 लाख का क्लेम किया गया। इसी तरह मुरैना में मृतक अरुण कुशवाह और सीमाबाई के नाम पर बीमा कराकर दोबारा मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए गए। इन जिलों में पंचायत सचिवों की सीधी भूमिका सामने आई है।
ईओडब्ल्यू की सख्त कार्रवाई
ग्वालियर, भिंड और मुरैना में कुल 15 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120-B और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है।