नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई दी। शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर माननीय सुशीला कार्की जी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के भाई-बहनों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
भारत ने जताया समर्थन
भारत सरकार ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए नेपाल की अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत किया। बयान में कहा गया कि भारत, एक करीबी पड़ोसी होने के नाते, नेपाल के लोगों की भलाई और समृद्धि के लिए उसके साथ मिलकर काम करता रहेगा। साथ ही उम्मीद जताई गई कि नई अंतरिम सरकार नेपाल में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देगी।
कार्की ने ली शपथ
पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की ने शुक्रवार देर शाम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने राजधानी काठमांडू
स्थित शीतल निवास में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नेपाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
ओली के इस्तीफे के बाद नया समीकरण
आठ और नौ सितंबर को हुए जनरेशन जेड विद्रोह के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक दबाव के चलते उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की शरण ली। इसके बाद काठमांडू के मेयर बालेन्द्र शाह और विभिन्न प्रदर्शनकारी समूहों ने सर्वसम्मति से सुशीला कार्की के नाम पर सहमति जताई।
छह महीने में होंगे चुनाव
राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने के बाद सुशीला कार्की को छह महीने के भीतर आम चुनाव कराने का निर्देश दिया गया है। पदभार ग्रहण करते ही कार्की ने अपने पहले बड़े फैसले में प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया। अब नेपाल में राजनीतिक संक्रमण के बीच जनता की निगाहें नए चुनाव और भविष्य की स्थिरता पर टिकी हैं।