लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने दुर्लभ पक्षियों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात बाज (फाल्कन) बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 14 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंबई निवासी फिरोज मसर्रत खान के रूप में हुई है। कार्रवाई वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त रूप से की गई।
एसटीएफ को 30 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि मुंबई का एक व्यक्ति प्रतिबंधित पक्षियों की खेप लेकर लखनऊ पहुंचने वाला है। इसके बाद टीम ने मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले में एक मकान पर छापा मारा। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से सात बाज के अलावा एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से पक्षियों को पकड़ते हैं। इसके बाद उन्हें मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन भेजा जाता है। एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह प्रतिबंधित पक्षियों और अन्य वन्यजीवों की तस्करी में शामिल है।
आरोपी के खिलाफ मदेयगंज थाने में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद पक्षियों की प्रजाति और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।